दिल्ली सरकार सभी को मुफ्त बिजली देना जारी रखेगी:आतिशी
आप सरकार का आरोप है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली में बिजली सब्सिडी बंद करना चाहते हैं और पीएमओ के दबाव में एलजी ने बयान जारी किया।

दिल्ली सरकार ने बिजली सब्सिडी पर जारी अटकलों को विराम लगाते हुए कहा है कि सब्सिडी कम नहीं की जाएगी और सभी को मुफ्त बिजली जारी रहेगी। सरकार की ओर से यह स्पष्टीकरण एलजी कार्यालय से बिजली सब्सिडी नीति में बदलाव की सिफारिश संबंधी जारी नोट के बाद आया है। ऊर्जा मंत्री आतिशी ने सोमवार को आरोप लगाया कि एलजी ने दोषपूर्ण कानूनी सलाह के आधार पर दिल्ली सरकार की बिजली सब्सिडी को वापस लेने के लिए बिजली विभाग पर दबाव डाला था। जबकि डीईआरसी ने दिल्ली सरकार को गत 6 जनवरी को ही पत्र लिखकर 5केवी या 3केवी से अधिक लोड के कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं को बिजली सब्सिडी बंद करने की अपनी सलाह को वापस ले लिया था
आप सरकार का आरोप है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली में बिजली सब्सिडी बंद करना चाहते हैं और पीएमओ के दबाव में एलजी ने बयान जारी किया। सरकार का कहना है कि महंगाई के इस दौर में बिजली सब्सिडी ने दिल्ली की आम जनता को बड़ी राहत दी है। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि हमारी बिजली सब्सिडी में कोई बदलाव नहीं होने जा रहा है। एलजी कार्यालय जानबूझकर इसके बारे में गलत सूचनाएं फैला रहा है। उन्होंने बताया कि तत्कालीन ऊर्जा मंत्री मनीष सिसोदिया ने डीईआरसी अध्यक्ष को पत्र लिखकर कहा था कि पूरे मामले की जांच करें और नए सिरे से राय दें। क्योंकि डीईआरसी की अंतिम सलाह को 2 साल से अधिक समय बीत चुका था। इस पर डीईआरसी ने इस मामले पर विस्तृत कानूनी जांच की और 6 जनवरी 2023 को नई राय रखी। डीईआरसी अध्यक्ष ने अपने आदेश में कहा कि सलाह के पूरे विचार से प्रतीत होता है कि पेंशन ट्रस्ट अधिभार की समस्या का समाधान किया जाना था। इसलिए ऐसी सलाह जो पूरी तरह से अनावश्यक थी, शायद अच्छे भाव में दी गई थी। लेकिन पूरी तरह से गलत थी।
एलजी ने कभी सब्सिडी वापस लेने का सुझाव नहीं दिया: एलजी दफ्तर
एलजी दफ्तर ने कहा कि उपराज्यपाल ने अपने किसी भी पत्र में सब्सिडी वापस लेने का सुझाव नहीं दिया। एलजी ने बार-बार कहा है कि सब्सिडी निजी बिजली कंपनियों को देने की बजाय सीधे गरीबों के खाते में दी जाए जो पात्र हैं। लोगों को गुमराह करना बंद करें। एलजी दफ्तर ने कहा कि गरीब लोगों के नाम पर निजी डिस्कॉम और विशेष रूप से अनिल अंबानी के स्वामित्व वाले बीएसईएस को लाभ पहुंचाने और अनुचित वित्तीय लाभ प्रदान करने के कार्य में रंगे हाथों पकड़े जाने के बाद आप सरकार निराधार, झूठे और भ्रामक बयान देने की कोशिश कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications