H3N2 वायरस को लेकर दिल्ली सरकार अलर्ट, हो रही निगरानी
स्वास्थ्य केंद्र पर इन्फ्लूएंजा के प्रसार पर निगरानी बढ़ाने के लिए सर्विलांस टीम को सक्रिय किया है।

मौसम में बदलाव के चलते देश के कई राज्यों में एच3एन2 इन्फ्लूएंजा वायरस (H3N2 Influenza Virus,) के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए दिल्ली सरकार अलर्ट हो गई है। स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली में इसे लेकर खतरा नहीं है, लेकिन फिर भी हमने दिशानिर्देश जारी किए हैं। कोरोना की तर्ज पर इसकी भी निगरानी की जाएगी।
अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्र पर इन्फ्लूएंजा के प्रसार पर निगरानी बढ़ाने के लिए जिला सर्विलांस टीम को सक्रिय किया है। उन्होंने कहा कि इससे बचने के लिए हमें कोविड के दौरान बरती गई सावधानियों का ध्यान रखना है।
विधानसभा परिसर में आयोजित पत्रकारवार्ता में सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली के सरकारी अस्पतालों में इस वायरस के बहुत ज्यादा मामले सामने नहीं आए हैं। हमें इससे बचने के लिए सतर्क रहना है। स्थिति पर नजर बनाएं रखने के लिए दिल्ली के सभी जिलों के अस्पतालों की ओपीडी एवं आईपीडी में फ्लू जैसे लक्षण वाले मरीजों एवं गंभीर रूप से श्वसन संबंधी शिकायत वाले मरीजों पर नजर रखी जाएगी, ताकि ऐसे लोगों की पहचान करे आगे संक्रमण बढ़ने से रोका जा सके।
बुजुर्गों और बच्चों को सतर्क रहने की जरूरत
भारद्वाज ने कहा कि एच1 एन1 इन्फ्लुएंजा और एच3 एन2 इन्फ्लूएंजा आम तौर पर जनवरी से लेकर मार्च तक और दूसरा मॉनसून खत्म होने पर आता है। इसमें ऐसे लोगों को ज्यादा खतरा है, जिनको पहले से फेफड़े से संबंधित बीमारी है। इसके अलावा 65 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों और पांच साल से छोटे बच्चों पर इसका ज्यादा असर हो रहा है।
एच3एन2 वायरस के लक्षण और किन्हें ज्यादा खतरा
● तेज बुखार, लंबे समय तक खांसी का रहना, बलगम की परेशानी बढ़ना, नाक से पानी आना, सरदर्द रहना, जी मिचलाना, भूख नहीं या कम लगना और शरीर में दर्द रहना।
● अस्थमा की बीमारी वाले, फेफड़ों के संक्रमण के मरीज, बुजुर्ग व्यक्ति, गर्भवती महिला और पांच साल से कम उम्र के बच्चे, जिन्हें पहले कोरोना हो चुका है, वे खास ध्यान रखें।
● जरूरी न हो तो भीड़ वाली जगहों पर न जाएं। हाथ मिलना से बचें। सर्दी जुखाम वाले व्यक्ति से दूर रहें। बार-बार हाथ धोते रहें, संभव हो तो भीड़ वाली जगह मास्क का प्रयोग करें, लक्षण दिखने पर डॉक्टर की सलाह जरूर लें।












Click it and Unblock the Notifications