केटीआर ने की अमित शाह से अपील, 'सभी आधिकारिक भाषाओं में कराई जाए CRPF परीक्षा'
सीआरपीएफ भर्ती अधिसूचना में तेलुगु, तमिल, कन्नड़, मलयालम और अन्य आधिकारिक भाषाओं को शामिल करने के लिए संशोधन करने के लिए अमित शाह से आग्रह किया गया है।

तेलंगाना के आईटी मंत्री और भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामाराव ने कहा कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की भर्ती परीक्षा केवल अंग्रेजी और हिंदी में आयोजित करने का केंद्र का निर्णय नौकरी के इच्छुक उन उम्मीदवारों के लिए हानिकारक होगा, जो इन दो भाषाओं से परिचित नहीं हैं।
केटी रामाराव ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सीआरपीएफ भर्ती अधिसूचना में तेलुगु, तमिल, कन्नड़, मलयालम और अन्य आधिकारिक भाषाओं को शामिल करने के लिए संशोधन करने का आग्रह किया।
गौरतलब है कि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने गुरुवार को सीआरपीएफ में कांस्टेबल के करीब 1.30 लाख पदों पर भर्ती के संबंध में नोटिफिकेशन जारी किया था। अधिसूचना के अनुसार, कंप्यूटर आधारित परीक्षा केवल अंग्रेजी और हिंदी में आयोजित की जाएगी।
केटी रामाराव ने शुक्रवार को शाह को लिखे पत्र में कहा कि प्रतियोगी परीक्षाएं केवल अंग्रेजी और हिंदी में आयोजित की जा रही हैं, जो उन छात्रों के लिए एक गंभीर नुकसान है जो अंग्रेजी माध्यम में नहीं पढ़ते हैं या हिंदी भाषी राज्यों से नहीं हैं।
केटी रामाराव ने बताया कि मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने 18 नवंबर, 2020 को केंद्र को पत्र लिखकर क्षेत्रीय भाषाओं में केंद्र सरकार की नौकरियों के लिए सभी प्रतियोगी परीक्षाएं आयोजित करने का आग्रह किया था। उन्होंने शाह से सीआरपीएफ अधिसूचना को संशोधित करने की अपील की, ताकि क्षेत्रीय भाषाओं में पढ़ने वाले करोड़ों युवाओं को बिना किसी भेदभाव या असमानता के समान अवसर मिल सकें।












Click it and Unblock the Notifications