'कांग्रेस के पास कोई वारंटी नहीं, लेकिन तेलंगाना में दे रही गारंटी', केटी रामाराव ने जमकर साधा निशाना
तेलंगाना विधानसभा चुनाव से पहले केसीआर सरकार लोगों को सौगातें दे रहे हैं। लोगों को कल्याणकारी योजनाओं से अवगत करा रहे हैं। इस बीच आईटी और उद्योग मंत्री केटी रामाराव ने गंभीरावपेट मंडल के 4 गांवों के 369 लाभार्थियों को टू बीएचके का घर सौंपा। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
केटी रामाराव ने तेलंगाना में कांग्रेस की 6 'गारंटियों' पर हमला किया। उन्होंने कहा कि जब पार्टी के पास खुद कोई वारंटी नहीं है, तो वह गारंटी कैसे दे सकती है। खासकर उस समय जब देशभर के लोगों ने उन्हें खारिज कर दिया है। उन्हें कूड़ेदान में फेंक दिया है।

आईटी मंत्री ने कहा कि छह गारंटियों के क्रियान्वयन के बारे में कोई नहीं जानता, लेकिन अगर कांग्रेस सत्ता में आई तो 6 चीजें निश्चित रूप से होंगी। एक तो बिजली आपूर्ति, जो अभी 24 घंटे है, प्रभावित होगी। मिशन भगीरथ के माध्यम से घर-घर जो पीने का पानी पहुंचाया जा रहा था, वह बंद हो जाएगा। महिलाओं को पानी के लिए सड़कों पर पानी के टैंकरों के सामने लड़ना पड़ेगा।
राज्य सरकार किसानों को बिना किसी परेशानी के समय पर बीज एवं खाद की आपूर्ति कर रही है। अगर कांग्रेस सत्ता में आई तो किसानों को बीज और खाद के लिए पुलिस स्टेशनों और दुकानों के सामने कतार लगानी पड़ेगी।हर साल मुख्यमंत्री बदलने की कांग्रेस शैली हमेशा की तरह होगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों की स्थिति खराब हो जाएगी। शिक्षा और स्वास्थ्य बुरी तरह से प्रभावित होगा।
कांग्रेस राजस्थान, कर्नाटक या छत्तीसगढ़ में 4000 रुपये पेंशन नहीं दे सकी, लेकिन उन्होंने तेलंगाना में 4000 रुपये पेंशन देने का वादा किया है। वे ये वादे केवल वोटों के लिए करते हैं। केटी रामाराव ने कहा कि कुछ नेता आज तेलंगाना आ रहे हैं और चुनाव जीतने के लिए पैसा बहा रहे हैं। अगर भाजपा और कांग्रेस आएं और पैसा दें, तो उनसे ले लें, लेकिन वोट केवल बीआरएस को दें।












Click it and Unblock the Notifications