सीएम नवीन पटनायक ने की अपील, 'सच्ची भावना से करें सड़क सुरक्षा नियमों का पालन'
मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा 'लापरवाह ड्राइविंग और सड़क पर असुरक्षित तरीके से चलना, दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं जो हमारे जीवन और दूसरों के जीवन को खतरे में डालते हैं।

ओडिशा शून्य मृत्यु सप्ताह मनाने के लिए पूरी तरह से तैयार है। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने शुक्रवार को सभी से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और हर कीमती जीवन की रक्षा के लिए जागरूकता फैलाने की अपील की।
ट्वीट करते हुए मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा, 'लापरवाह ड्राइविंग और सड़क पर असुरक्षित तरीके से चलना, दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं जो हमारे जीवन और दूसरों के जीवन को खतरे में डालते हैं। ओडिशा 1-7 अप्रैल से 'जीरो फैटलिटी वीक' मनाने जा रहा है। आइए, सड़क सुरक्षा नियमों का सच्ची भावना से पालन करने के लिए हाथ मिलाएं और हर कीमती जीवन की रक्षा के लिए जागरूकता फैलाएं।'
आपको बता दें कि सड़क दुर्घटनाओं और इनसे होने वाली मौतों को रोकने के उद्देश्य से, ओडिशा सरकार पूरे राज्य में 1 अप्रैल से 7 अप्रैल तक 'शून्य मृत्यु सप्ताह' मनाएगी। वाणिज्य और परिवहन विभाग ने अभियान के सुचारू संचालन के लिए सरकारी विभागों, जिला कलेक्टरों और एसपी/डीसीपी सहित सभी हितधारकों के लिए एक मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी की है।
ओडिशा के लिए सड़क दुर्घटनाओं को एक बड़ी चुनौती बताते हुए वाणिज्य और परिवहन विभाग की प्रधान सचिव उषा पाढ़ी ने कहा, "हर जीवन कीमती है। सड़क सुरक्षा हमारी सरकार के लिए एक उच्च प्राथमिकता वाला क्षेत्र है और हम राज्य में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए कई पहल कर रहे हैं। सप्ताह के दौरान शून्य मृत्यु सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार ने शिक्षा, इंजीनियरिंग, प्रवर्तन और आपातकालीन देखभाल के लिए चौगुना रणनीति अपनाई है। किसी दुर्घटना का शिकार हुए व्यक्ति की जान बचाने से ज्यादा महत्वपूर्ण और पवित्र कुछ भी नहीं है।"












Click it and Unblock the Notifications