चुनावी मोड में सीएम केसीआर, तैयार कर रहे 100 सीटों पर जीत की प्लानिंग
ऐसा कहा जा रहा है कि सीएम केसीआर राज्य की खुफिया विंग द्वारा प्रदान किए गए इनपुट और स्थानीय नेताओं से मिले फीडबैक के आधार पर हर विधायक के प्रदर्शन का विश्लेषण कर रहे हैं।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री केसीआर इस समय पूरी तरह चुनावी मोड में हैं। सीएम केसीआर ने जहां चुनावी सर्वेक्षण कंपनियों को काम पर लगाकर पार्टी नेताओं को चुनावी तैयारियों में जुटने के संकेत दे दिए हैं, वहीं अपनी सरकार की तरफ से लागू की जा रही कल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए भी योजना बनाना शुरू कर दिया है। ऐसे में एक बार फिर कयास लगने लगे हैं कि सीएम केसीआर समय से पहले चुनाव करा सकते हैं।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि केसीआर पिछले कुछ समय से वरिष्ठ नेताओं और सर्वेक्षण एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर रहे हैं। वह पहले मतदाताओं की नब्ज को टटोलना चाहते हैं, ताकि आगामी विधानसभा चुनावों में बीआरएस को कम से कम 100 सीटें जिताने के लिए रणनीति तैयार कर सकें।
ऐसा कहा जा रहा है कि सीएम केसीआर राज्य की खुफिया विंग द्वारा प्रदान किए गए इनपुट और स्थानीय नेताओं से मिले फीडबैक के आधार पर हर विधायक के प्रदर्शन का विश्लेषण कर रहे हैं। साथ ही प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में बीआरएस के जीतने की संभावनाओं को मापने के लिए सर्वेक्षण रिपोर्ट पर विचार किया जाएगा।
इसके अलावा केसीआर प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के मुद्दों के बारे में विधायकों से बात करेंगे, पार्टी समूहों के भीतर आपसी कलह पर ध्यान देंगे और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे। वह सर्वेक्षण रिपोर्ट के आधार पर प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र में पार्टी की ताकत और कमजोरियों का आकलन भी करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications