Jharkhand: CM हेमंत ने 80 उत्कृष्ट स्कूलों का किया उद्घाटन, साइंस लैब और डिजिटल बोर्ड में पढ़ेंगे बच्चे
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने धुर्वा के ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव उच्च विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश भर के 80 उत्कृष्ट विद्यालयों का उद्घाटन किया।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने धुर्वा स्थित ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव उच्च विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में राज्यभर में 80 उत्कृष्ट विद्यालयों का उद्घाटन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं जानता हूं कि स्कूलों में शिक्षकों की कमी है। कई कानूनी और तकनीकी बाधाओं की वजह से शिक्षकों की नियुक्ति अटकी हुई थी लेकिन अब सभी बाधाओं को दूर कर लिया गया है। अलग-अलग चरणों में इस साल के मध्य तक 25,000 शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी जो अलग-अलग विद्यालयों में सेवा देंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी तो 80 उत्कृष्ट विद्यालयों के साथ शुरुआत हुई है लेकिन बहुत जल्द प्रदेश में 5,000 ऐसे स्कूल विकसित किए जाएंगे। लक्ष्य साफ है। बच्चों को उच्च गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना।
उत्कृष्ट विद्यालयों में होगी प्रबंधन समिति
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्कृष्ट विद्यालयों में प्रबंधन समिति होगी। सरकार बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराएगी लेकिन उत्कृष्ट स्कूलों का सफल संचालन उसमें पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावकों, शिक्षकों, प्रबंधन तथा विभाग की कार्यशैली पर निर्भर करता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यहीं पास में ही विधानसभा है। मैं कभी भी स्कूलों का निरीक्षण करने आ सकता हूं इसलिए उम्मीद करता हूं कि मैंने जो सुझाव दिए हैं उनका गंभीरता से पालन होगा। मुख्यमंत्री सोरेन ने कहा कि झारखंड में शिक्षा के क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं की कमी है। शिक्षकों की कमी है। यदि 2 कमरों का स्कूल है और उसमें 1 शिक्षक तो समस्या की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। हालांकि, हमारी सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मुहैया कराने को लेकर प्रतिबद्ध है।
प्राथमिक से उच्च शिक्षा तक कई योजनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने प्राथमिक से लेकर उच्च शिक्षा तक में सुधार के लिए गुरुजी क्रेडिट कार्ड योजना, एकलव्य प्रशिक्षण योजना, मुख्यमंत्री शिक्षा प्रोत्साहन योजना और मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा स्कॉलरशिप स्कीम जैसी योजनाएं चलाई हैं। मैं एक बात की गारंटी देता हूं कि झारखंड के बच्चों को चाहे डॉक्टर-इंजीनियर बनना हो या आईएएस-आईपीएस उन्हें पैसों की कमी की वजह से सपनों की तिलांजलि नहीं देनी पड़ेगी। मैं चाहता हूं कि इन उत्कृष्ट विद्यालयों को देश में मॉडल स्कूलों के रूप में विकसित करें।
राज्यभर में खोले जाएंगे 5 हजार ऐसे स्कूल
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि अभी निजी स्कूलों में पढ़ाई के लिए बच्चों की कतार दिखती है। उम्मीद करता हूं कि उत्कृष्ट विद्यालयों में पढ़ने के लिए भी ऐसी ही कतारें दिखेंगी। उन्होंने कहा कि जिन स्कूलों का प्रदर्शन अच्छा होगा वहां के प्रबंधन, शिक्षकों और बच्चों को पुरस्कृत किया जाएगा। सीएम सोरेन ने कहा कि अभी कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की बच्चियों ने जेईई मेन की परीक्षा में सफलता हासिल की है। मैं उन सभी बच्चियों से मुलाकात करूंगा और यह सुनिश्चित करूंगा कि उनकी पढ़ाई में बाधा ना आए।












Click it and Unblock the Notifications