सीएम गहलोत ने पैरा खेल अकादमी जोधपुर के लिए 14.14 करोड़ की राशि को दी मंजूरी
जोधपुर, 21 जुलाई। राजस्थान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जोधपुर में पैरा खिलाड़ियों के लिए पैरा खेल अकादमी की स्थापना के लिए 14.14 करोड़ रुपए की राशि को मंजूरी दी है। पैरा खेल अकादमी में पैरा खिलाड़ियों को उच्च तकनीकी प्रशिक्षण, ट्रेनिंग व अभ्यास हेतु आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

यह अकादमी राजकीय शारीरिक शिक्षा महाविद्यालय परिसर, जोधपुर में स्थापित होगी। इस महाविद्यालय परिसर में आवश्यक बुनियादी ढ़ांचा तैयार होने तक इसे उम्मेद स्टेडियम, जोधपुर में संचालित किया जाएगा।
पैरा खेल अकादमी में राजस्थान राज्य के प्रतिभावान 25 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। जिसमें 15 शूटिंग व 10 टेबल टेनिस के खिलाड़ी होंगे। खिलाड़ियों को शिक्षा, चिकित्सा, प्रशिक्षण, आवास व्यवस्था, भोजन व अन्य सुविधाएं राजस्थान राज्य क्रीडा परिषद द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
इसके अतिरिक्त निर्धारित समय अनुसार सुबह एवं शाम को प्रशिक्षकों द्वारा खेल प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। खिलाड़ियों को शिक्षा हेतु नजदीकी विद्यालय में प्रवेश दिलाते हुए खेल के साथ शिक्षा भी प्रदान की जाएगी। बता दें, मुख्यमंत्री ने बजट घोषणा वर्ष 2022-23 में पैरा खिलाड़ियों के लिए जयपुर व जोधपुर में पैरा खेल अकादमी स्थापित करने की घोषणा की थी।












Click it and Unblock the Notifications