किसानों को दाम, नौजवानों की रोजगार की जरूरत: भूपेश बघेल
फतेहपुर, 23 फरवरी 2022। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि किसानों को दाम और नौजवानों को रोजगार चाहिए। लेकिन भाजपा सरकार में न किसानों को दाम मिला और न नौजवानों को रोजगार। उन्होंने कहा कि डीजल, पेट्रोल के दाम बढ़ गए, महंगाई चरम पर पहुंच गई लेकिन किसानों की आय आज तक दोगुनी नहीं हो सकी। बघेल मंगलवार को कुर्सी विधानसभा क्षेत्र के बड्डूपुर में कांग्रेस प्रत्याशी उर्मिला पटेल के समर्थन में एक चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि हमने सरकार बनाने के दो घंटे के अंदर ही 19 लाख किसानों का 19 हजार करोड़ रुपया कर्जा माफ कर दिया। लेकिन यूपी की भाजपा सरकार ने ऐसा नहीं किया। जब छत्तीसगढ़ की सरकार 2,500 रुपये में धान और गेहूं की खरीद कर सकती है तो यूपी की सरकार क्यों नहीं कर सकती है।
जबकि हमारी सरकार 2,540 रुपये में धान की खरीद कर रही है। लेकिन बसपा, सपा इस मुद्दे पर कुछ बोल नहीं रही हैं। भाजपा ने किसानों की आय दोगुनी करने की बात कही थी लेकिन किसी किसान की आय दोगुनी नहीं हुुई। बल्कि डीजल, पेट्रोल के दाम जरूर आसमान पर पहुंच गए हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी ने कहा कि था कि सभी के खाते में 15 लाख रुपये आएंगे। क्या किसी के खाते में 15 लाख आए। उन्होंने कहा कि छुट्टा जानवर सबसे बड़ी मुसीबत बन गए हैं लेकिन इसका कोई हल नहीं निकाला जा रहा है।
यूपी सरकार प्रति यूनिट पांच किलो अनाज दे रही है हम प्रति कार्ड 35 किलो अनाज दे रहे हैं। छत्तीसगढ़ सरकार पहली सरकार है जो किसानों का गोबर भी खरीद रही है। कहा कि हमारी नेता प्रियंका गांधी ने जो कहा सो कर दिखाया है। इसलिए किसी के बहकावे में आने की जरूरत नहीं है और कांग्रेस के उम्मीदवारों को जिताएं। इस मौके पर जिलाध्यक्ष मोहसिन, आदर्श पटेल, राहिल आदि मौजूद रहे।












Click it and Unblock the Notifications