चौ. देवीलाल ने जनहित कार्यों को कानूनी रूप देकर हर वर्ग का उत्थान किया: डॉ. अजय सिंह चौटाला
अजय चौटाला ने कहा कि चौ. देवीलाल जो कहते थे उसको कानूनी तौर पर लागू भी करते थे। उन्होंने कहा कि घुमंतू जाति के बच्चों की पढ़ाई के लिए एक रुपए की छात्रवृत्ति योजना, किसान ऋण माफ करने जैसे काम किए।

जननायक जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला ने कहा कि जननायक चौधरी देवीलाल अपने आप में एक संस्था थे और उनके बारे में जितना कहा जाए उतना कम है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग, समुदाय के उत्थान के लिए चौ. देवीलाल सदैव संघर्षशील रहे और उन्होंने जनहित के कार्यों को कानूनी रूप से अमलीजामा पहनाने के अनेक कार्य किए। वे शुक्रवार को चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय जींद में चौ. देवीलाल की विरासत विषय पर आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
डॉ. अजय चौटाला ने कहा कि चौ. देवीलाल जो कहते थे उसको कानूनी तौर पर लागू भी करते थे। उन्होंने कहा कि घुमंतू जाति के बच्चों की पढ़ाई के लिए एक रुपए की छात्रवृत्ति योजना, किसान ऋण माफ करना, बुढ़ापा पेंशन, विधवा पेंशन इत्यादि जनहितकारी कार्यों के लिए चौधरी देवीलाल हमेशा याद किए जाएंगे। डॉ. अजय सिंह चौटाला ने कहा कि चौ. देवीलाल को सच्ची श्रद्धांजलि हम तभी दें सकते हैं जब उनके दिखाए रास्ते पर चलेंगे तथा जन कल्याण के लिए बढ़-चढ़कर आगे आएंगे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का स्वागत करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. रणपाल सिंह ने कहा कि स्वर्गीय चौधरी देवी लाल का लोक कल्याणकारी कार्यों में अतुलनीय योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि चौधरी देवीलाल की समाज कल्याण की भावना को हम उनकी पेंशन योजना से देख सकते है।
डॉ. रणपाल ने कहा कि तत्कालीन समय में अनेक ऐसी चुनौतियां थी जिसके कारण बुढ़ापा पेंशन योजना लागू होना बड़ा ही कठिन था लेकिन चौधरी देवीलाल ने अपनी कलम से यह लोक कल्याणकारी कार्य किया और जिसका देशभर में अनुसरण किया जा रहा है। इसी तरह प्रत्येक गांव, नगर, मोहल्ले में सभी समुदाय वर्ग के लोगों के लिए चौपाल का निर्माण उनके जनहितकारी सोच को दर्शाता है।












Click it and Unblock the Notifications