हरियाणा पंचायत चुनाव: नूंह में भाजपा 25 वार्डों पर उतारेगी अपने प्रत्याशी
चंड़ीगढ। नूंह में भारतीय जनता पार्टी ने पहली बार जिला परिषद के चुनावों को सिंबल पर लड़ने का ऐलान किया है। इस संबंध में शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर आयोजित हुई कौर कमेटी की बैठक में यह निर्णय लिया गया। जल्द ही पार्टी द्वारा जिला परिषद के प्रत्याशियों का ऐलान किया जाएगा। शहरी स्थानीय निकाय चुनावों में प्रचंड जीत से उत्साहित नूंह भाजपा ने अब ग्रामीण स्तर पर भी अपने पैर पसारने शुरू कर दिए हैं। इसी सिलसिले में शुक्रवार को भाजपा जिला मुख्यालय पर भाजपा के मुख्य पदाधिकारियों की एक अहम बैठक हुई जिसमें जिला परिषद की सभी 25 वार्डों में प्रत्याशी उतारने की घोषणा की गई।

इस कोर कमेटी की बैठक में जिला प्रभारी समय सिंह भाटी, सोहना-तावडू से भाजपा विधायक कुंवर संजय सिंह, भाजपा नेत्री नौक्षम चौधरी, पूर्व विधायक नसीम अहमद, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जाहिद हुसैन, आलम मंडल, औरंगजेब, जिला महामंत्री शिव कुमार आर्य, जिला महामंत्री दलवीर सरपंच व जिला विस्तारक बलविंदर सिंह जोगी की सहमति से जिला अध्यक्ष नरेन्द्र पटेल ने जिला परिषद के चुनाव सिंबल पर लड़ने की घोषणा की।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार विगत आठ वर्षों से जिले का संपूर्ण विकास कर रही है, जबकि पिछली सरकारों में इस क्षेत्र के साथ भेदभाव हुआ था। प्रदेश और केन्द्र में जब से भाजपा की सरकार बनी है, तभी से ही मेवात क्षेत्र में विकास कार्यो की झडी लगी हुई है। पार्टी ने जनहितैषी रिकार्ड तोड विकास कार्यों के बल पर इस बार जिला परिषद के चुनावों में सिंबल पर चुनाव लड़ने का मन बनाया है। इसके लिए तमाम कार्यकर्ताओं तथा पदाधिकारियों से रायशुमारी कर यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि हाल ही के निकाय चुनावों में पार्टी ने पुन्हाना तथा फिरोजपुर झिरका में ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। इस जीत से कार्यकर्ता उत्साहित हैं। इसी उत्साह को बनाए रखने के लिए पार्टी ने नूंह के सभी 25 जिला परिषद के वार्डो में अपने प्रत्याशी उतारने की घोषणा की है। उन्होंने कहा निकाय चुनावों की तरह भाजपा पंचायत चुनावों में भी भारी समर्थन से जीत दर्ज करेगी।












Click it and Unblock the Notifications