Jharkhand: ED-CBI से डरा रही बीजेपी, मैं जेल जाने से नहीं डरता; डुमरी में गरजे सीएम हेमंत
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि भाजपा सरकार ईडी और सीबीआई से डराने का काम कर रही है। पर मैं जेल जाने से डरने वाला नहीं हूं। उक्त बातें मुख्यमंत्री ने डुमरी उपचुनाव में गुरुवार को झामुमो प्रत्याशी मंत्री बेबी देवी के नामांकन के बाद आयोजित जनसभा में कही। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन की ओर से मंत्री बेबी देवी खड़ी हैं, इन्हें भारी मतों से जिताएं।
सीएम हेमंत ने जगरनाथ महतो को किया याद
सीएम ने कहा कि जगरनाथ दा की कार्यशैली और जनता के प्रति समर्पित भाव झारखंड के किसी और नेता में नहीं है। वे जान की परवाह नहीं करते हुए हमेशा जनता के बीच रहे। कोरोना ने हाजी हुसैन अंसारी और जगरनाथ महतो को हम लोगों से छीन लिया। सीएम ने कहा कि हमलोग के विरोध में वे लोग हैं, जो आपको गरीबी की ओर ले जाने वाले हैं। धर्म का जहर पिलाकर शासन कर रहे हैं।

हमने संकल्प किया है कि अब भाई-भाई को लड़ने नहीं देंगे। 2019 से पहले मॉब लिंचिंग की घटनाएं होती थीं। हमने इसपर लगाम लगाया। उन्होंने केंद्र पर हमला बोलते हुए कहा इस देश में दूध-दही पर भी टैक्स लग गया। देश का कर्ज प्रति व्यक्ति डेढ़ लाख से अधिक हो गया है। जनसभा में मंत्री सत्यानंद भोक्ता, हफीजुल हसन, बादल पत्रलेख, विधायकों में सुदिव्य कुमार, सरफराज अहमद, विनोद सिंह, अनूप सिंह आदि मौजूद थे।
डुमरी उपचुनाव के लिए प्रत्याशियों ने भरा पर्चा
गौरतलब है कि डुमरी विधानसभा उपचुनाव के लिए दोनों ही प्रत्याशियों ने नामांकन कर दिया है। इस सीट पर उपचुनाव के लिए 5 सितंबर को वोटिंग होगी वहीं 8 सितंबर को नतीजे आएंगे। इस बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ईडी ने समन कर जमीन घोटाला मामले में 14 अगस्त को तलब किया था लेकिन सीएम हेमंत ने इसे राजनीतिक दुर्भावना से ग्रस्त समन बताते हुए वापस लेने को कहा। सीएम ने कानूनी लड़ाई की चेतावनी दी।












Click it and Unblock the Notifications