दिल्ली सरकार में आतिशी का कद बढ़ा, जानिए कैसा है उनका राजनीतिक सफर
दिल्ली सरकार में आतिशी शिक्षा जैसा बड़ा महकमा संभाल रही हैं। अब उन्हें फाइनेंस, रेवेन्यू और प्लानिंग जैसे विभाग दिए गए हैं। जानकार इसे उनके बढ़े हुए कद के तौर पर देख रहे हैं।
दिल्ली के मंत्रिमंडल में फेरबदल के प्रस्ताव को उपराज्यपाल वी के सक्सेना की मंजूरी मिलने के बाद मंत्री आतिशी को राजस्व, योजना और वित्त विभागों का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।पहले, ये तीनों विभाग मंत्री कैलाश गहलोत के पास थे। आतिशी दिल्ली मंत्रिमंडल में एकमात्र महिला सदस्य हैं। इस अतिरिक्त प्रभार के बाद अब उनके पास 12 विभागों का जिम्मा होगा जो सभी मंत्रियों में सर्वाधिक है।एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है और फाइल सरकार के पास लौट आई है।
सिसोदिया की जगह आतिशी को दी गई थी कमान
मंत्रिमंडल में फेरबदल के मुद्दे पर बृहस्पतिवार को विवाद पैदा हो गया था जब सरकारी अधिकारियों ने दावा किया था कि संबंधित फाइल चार दिन से उपराज्यपाल के पास है। लेकिन उपराज्यपाल कार्यालय ने इस आरोप से इनकार किया।मंत्रिमंडल के सदस्य मनीष सिसोदिया और सत्येन्द्र जैन ने गिरफ्तारी के बाद अपने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उनके इस्तीफे के बाद आतिशी को सौरभ भारद्वाज के साथ मंत्रिमंडल में शामिल किया गया था।सिसोदिया को आबकारी नीति मामले में गिरफ्तार किया गया है जबकि जैन को धनशोधन मामले में पिछले साल गिरफ्तार किया गया था।

कौन है आतिशी
आठ जून 1981 को दिल्ली में जन्मीं आतिशी सिंह पंजाबी-राजपूत परिवार से ताल्लुक रखती हैं। स्प्रिंगडेल्स स्कूल से पढ़ीं आतिशी ने सेंट स्टीफंस कॉलेज (डीयू से 2001 में) से हिस्ट्री में ग्रैजुएशन किया था। वह इसके बाद ऑक्सफोर्ड चली गईं, जहां उन्होंने इतिहास में मास्टर्स किया। यह कोर्स उन्होंने चेवनिंग स्कॉलरशिप पर किया था। आगे वह रोड्स स्कॉलर के रूप में ऑक्सफोर्ड के मैगड्लेन कॉलेज भी पहुंचीं। आंध्र प्रदेश के एक स्कूल में कुछ समय तक पढ़ाने के बाद वह संभावना इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक पॉलिसी नाम की गैर सरकारी संस्था से जुड़ीं 2013 में आप के नीति निर्माण में उन्होंने कई सुझाव दिए थे।












Click it and Unblock the Notifications