कोरोना के खिलाफ आंध्र प्रदेश सरकार ने कसी कमर, बूस्टर डोज देने पर फोकस
आंध्र प्रदेश की जगन मोहन रेड्डी सरकार ने गुरुवार को स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे उन लोगों को कोरोना वायरस वैक्सीन की एहतियाती (बूस्टर) खुराक देने पर ध्यान केंद्रित करें, जो दूसरी बीमारियों से पीड़ित हैं।

अमरावती,23 दिसंबरः दुनिया भर में पिछले एक महीने के कोविड-19 के मामलों में बढ़ोत्तरी को देखते हुए आंध्र प्रदेश की जगन मोहन रेड्डी सरकार ने गुरुवार को स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे उन लोगों को कोरोना वायरस वैक्सीन की एहतियाती (बूस्टर) खुराक देने पर ध्यान केंद्रित करें, जो दूसरी बीमारियों से पीड़ित हैं।
स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, उनके पास लगभग 48,000 टीके की खुराक उपलब्ध है और शुक्रवार तक तेलंगाना से दो लाख और खुराकें आ जाएंगी। बूस्टर शॉट्स देने के लिए आंध्र प्रदेश पहले ही पांच लाख वैक्सीन खुराक का इंडेंट दे चुका है। प्रदेश में अब तक 1.82 करोड़ लोग बूस्टर डोज ले चुके हैं।
ओमिक्रॉन सब-वैरिएंट बीएफ.7 के अचानक प्रकोप पर केंद्र सरकार द्वारा जारी अलर्ट के साथ, आंध्र प्रदेश स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग ने कोविड-19 निवारक उपायों के सख्त कार्यान्वयन के साथ-साथ चिकित्सा बुनियादी ढांचे को सुव्यवस्थित करने पर ध्यान केंद्रित किया है।
क्रिसमस, नया साल और संक्रांति नजदीक हैं और कोविड-19 मामलों में अचानक आई तेजी ने स्वास्थ्य अधिकारियों के लिए एक नई चुनौती पेश कर दी है। त्योहारों के बाजार, मॉल और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स लोगों से खचाखच भरे रहते हैं। और इनमें से कई बिना मास्क के नजर आ रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications