कांग्रेस ने पंजाब को 5 साल में दो बेईमान मुख्यमंत्री दिए: भगवंत मान
चंडीगढ़/संगरूर/बरनाला, 4 फरवरी 2022: आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के मुख्यमंत्री उम्मीदवार भगवंत मान ने कहा कि कांग्रेस सरकार में पूरी तरह माफियाओं का कब्जा था और रेत व नशा का अवैध कारोबार करने के लिए माफियाओं को सरकारी संरक्षण दिया जाता था। कांग्रेस ने अपने पांच साल के शासन के दौरान पंजाब को दो बेईमान मुख्यमंत्री दिए। पहले वाले मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने माफिया को बढ़ावा देने के लिए अपने मंत्री मंडल में कई माफिया से जुड़े लोगों को शामिल किया और उन्हें संरक्षण दिया। दूसरे वाले मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी अपने रिश्तेदारों के माध्यम खुद रेत माफिया चलाते थें। शुक्रवार को अपने चुनाव प्रचार के दौरान पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए मान ने यह बातें कही।

पत्रकारों से बात करते हुए मान ने पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और मुख्यमंत्री चन्नी पर हमला बोला। मान ने कहा कि कैप्टन ने कांग्रेस पार्टी को बचाने के लिए पंजाब को बर्बाद किया। कैप्टन ने खुद बोला है कि हमने कांग्रेस की लाज बचाने के लिए अपने सरकार में शामिल माफिया के आरोपी नेताओं पर कोई कार्रवाई नहीं की थी। इसका साफ मतलब है कि कैप्टन अमरिंदर सिंह ने मुख्यमंत्री रहते हुए पंजाब के लोगों की परेशानियों को ताक पर रखकर अपनी पार्टी कांग्रेस को प्राथमिकता दी।
ईडी द्वारा मुख्यमंत्री चन्नी के भतीजे की गिरफ्तारी पर मान ने कहा कि चन्नी ने खुद कबूल किया है कि वह अपने परिवार द्वारा किए गए भ्रष्टाचार पर नजर नहीं रख पाए। इसका साफ मतलब है कि उनके परिवार और रिश्तेदारों ने भ्रष्टाचार किया और रेत माफिया व ट्रांसफर-पोस्टिंग के माध्यम से करोड़ों रुपये कमाए। मान ने कहा कि मुख्यमंत्री चन्नी आम आदमी होने का सिर्फ नाटक करते हैं। आम आदमी के पास बेहिसाब करोड़ों रुपये नहीं होते। चन्नी ने सत्ता में आने के बाद खुद के साथ साथ अपने कई करीबियों और रिश्तेदारों को भी करोड़पति बना दिया।
मान ने कहा हनी मुख्यमंत्री चन्नी का सिर्फ भतीजा नहीं था, वह उनका बिजनेस पार्टनर था। उसके माध्यम से सारा पैसा चन्नी के पास पहुंचता था। हर मौके पर हनी उनके साथ होता था। मुख्यमंत्री चन्नी ने उसे वीआईपी सिक्योरिटी दी हुई थी। उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि उनका भतीजा हनी जब कोई संविधानिक पद पर नहीं था तो किस हैसियत से उसे इतनी बड़ी सिक्योरिटी मिली हुई थी। इसका मतलब स्पष्ट है कि भतीजे के माध्यम से मुख्यमंत्री चन्नी खुद पैसा कमाते थे।
मान ने कहा कि ईडी ने आम आदमी पार्टी के दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर पर भी छापा मारा था। केजरीवाल के घर से ईडी को सिर्फ दस मफलर मिले। वहीं कांग्रेस के मुख्यमंत्री चन्नी के भतीजे के घर से ईडी को छापे में 10 करोड़ मिले। यही फर्क है आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पार्टी में। हम जनता के पैसे से जनता को सुविधाएं देते हैं। कांग्रेस के नेता जनता के पैसे अपने घर में जमा करते हैं। मान ने कहा कि पंजाब के लोग इस चुनाव में कांग्रेस की लूट का जवाब देंगे। लोगों ने कांग्रेस को झूठे वादे और भ्रष्टाचार का सबक सिखाने का मन बना लिया है।












Click it and Unblock the Notifications