रियलिटी शो के बदले क्रिकेट देखना पसंदः. जाकिर
उदयपुर, 15 दिसम्बरः प्रख्यात तबला वादक पद्मश्री उस्ताद जाकिर हुसैन का कहना है कि टीवी पर दिखाऐ जाने वाले रियलिटी शो में तड़क-भड़क पहनावे और साज सज्जा पर ही विशेष ध्यान दिया जाता है. इसलिये मैं टीवी पर ऐसे शो की बजाए क्रिकेट मैच देखना अधिक पसंद करता हूं.
हुसैन ने कल यहां टीवी कार्यक्रमों के बारे में पूछे गये एक सवाल पर कहा कि कुछ कार्यक्रम तो बहुत अच्छे होते हैं उनमें कलाकारों की भूमिका भी बहुत अच्छी होती है.कई लोग गा रहे हैं बजा रहे हैं किन्तु उनकी ओर किसी का ध्यान नहीं गया है. सच तो यह है कि एक कलाकार ही किसी दूसरे कलाकार को पहचान सकता है और उसके काम को जगजाहिर कर सकता है.
उन्होंने कहा कि आये दिन हम यह सुनते हैं कि सरकार हमारे लिये कुछ नहीं कर रही है. सरकार बहुत कुछ कर भी नहीं सकती उसकी अपनी सीमाएं हैं. यदि शास्त्रीय संगीत को बचाये रखना है तो कलाकारों को ही इसके लिये आगे आना होगा.
उन्होंने कहा कि एक वह जमाना था जब हम लोग किसी एक चीज को सीखने के लिये 5-6 वर्ष लगा देते थे किन्तु आज के जवान को इतना समय देने की आवश्यककता नहीं है. उसके सामने इंटरनेट टीवी, डीवीडी जैसे साधन उपलब्ध है. जिनके माध्यम से वह बहुत कुछ सीख सकता है. उस्ताद ने कहा कि मैंने तीस साल में जो कुछ हासिल किया है उसे आज का कलाकार यदि चाहे तो आठ दस साल में ही हासिल कर सकता है.
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि तबला वादक होने के अलावा वह कुछ और हो भी नहीं सकते थे. बहुत कम आयु में पद्मश्री अलंकरण के संबंध में उन्होंने स्पष्ट किया कि मुझे ऐसा नहीं लगा कि मैं बहुत महत्वपूर्ण बन गया हूं.


Click it and Unblock the Notifications
