Sri Lakshmi Panchami vrat 2023: आज है श्री लक्ष्मी पंचमी व्रत? जानिए पूजा विधि-महत्व
श्री पंचमी व्रत सुख-समृद्धि और सौभाग्य बढ़ाने वाला होता है, जो भी इस उपवास को करता है, उसके वैभव और सुख की प्राप्ति होती है।

Sri Lakshmi Panchami vrat 2023: आज चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि है, आज के दिन श्री पंचमी या लक्ष्मी पंचमी व्रत किया जाता है। इस दिन दीपावली की तरह मां लक्ष्मी का पूजन किया जाता है। इससे घर-परिवार में सुख-समृद्धि आती है। इस व्रत को धनप्रदायक व्रत कहा गया है। इस दिन सर्वकार्यों में सिद्धि देने वाला रवियोग भी रहेगा जो दोपहर 2 बजकर 2 मिनट से प्रारंभ होगा।
कैसे की जाती श्री पंचमी की पूजा
श्री पंचमी या लक्ष्मी पंचमी के दिन प्रात: सूर्योदय पूर्व जागकर, स्नानादि से निवृत्त होकर साफ-स्वच्छ वस्त्र पहनें। अपने घर के पूजा-स्थान को साफ कर व्रत का संकल्प लें। एक चौकी पर लाल वस्त्र बिछाएं, उस पर मां लक्ष्मी का चित्र या मूर्ति स्थापित करें। मां लक्ष्मी की मूर्ति को पंचामृत से स्नान करवाकर षोडशोपचार पूजन करें। माता को चंदन, केले के पत्ते, सुगंधित फूलों की माला, चावल, दूर्वा, लाल धागा, सुपारी, नारियल आदि चढ़ाएं। भोग में चावल या मखाने की खीर का नैवेद्य लगाएं। आरती करें। पूरे दिन व्रत रखें। अन्न ग्रहण नहीं किया जाता है, फलाहार ले सकते हैं। सायंकाल देवी लक्ष्मी की मूर्ति के सामने घी का दीप प्रज्जवलित करें। सायंकाल के समय सामान्य पूजन कर ललिता सहस्रनाम, श्री सूक्त, कनकधारा स्तोत्र या लक्ष्मी स्तोत्र मा पाठ करें।
श्री पंचमी के लाभ
- श्री पंचमी की पूजा धन प्रदायक कही गई है। सच्ची श्रद्धा से की गई पूजा धन सुख-समृद्धि प्रदान करती है।
- श्री पंचमी के दिन श्रीयंत्र का पूजन स्थापना करना अत्यंत शुभ होता है। इस दिन मां लक्ष्मी साक्षात श्री यंत्र में विराजमान होती हैं। घर में या अपने व्यापारिक प्रतिष्ठान में श्री यंत्र की स्थापना करने से धन की आवक तेजी से होती है।
- आर्थिक स्थिति ठीक करने और उन्नति के लिए लक्ष्मी पंचमी व्रत अवश्य करना चाहिए।
- व्यापार व्यवसाय में वृद्धि के लिए श्री पंचमी के दिन स्फटिक या चांदी का श्रीयंत्र अपने प्रतिष्ठान में स्थापित करें और नित्य लाल पुष्पों से इसका पूजन करें।
- श्री लक्ष्मी सहस्रनाम से लक्ष्मी हवन करने से धन संपत्ति की प्राप्ति होती है। हवन सामग्री में कमल गट्टे भी अवश्य डालें।












Click it and Unblock the Notifications