आप्रवासन मेरा प्रिय विषयः अमिताव

पिछले दिनों लांच की गई 'सी ऑफ पॉपीज', जो स्टालों पर नजर भी आने लगी है, अमिताव का यह उपन्यास दरअसल अफीम युद्घ से पहले के काल खंड पर केंद्रित है। यह गुलामों को ढोने वाले एक जहाज इबिस के बारे में है जो कुलियों, अपराधियों, गुलामों आदि को हिंद महासागर के पार ले जाता है।
विविध पात्रों वाले इस वृहद उपन्यास के केंद्र में एक दिवालिया राजा, एक विधवा, एक अफीम कारोबारी और एक अमेरिकी है। इस उपन्यास में जहां-तहां रोमन लिपि में भोजपुरी के संवाद भी पढ़ने को मिलेंगे। ऐसे में जब इनके पुराने पारिवारिक रिश्ते बिखर गए हैं, नस्ल, क्षेत्र और महादेश के सीमित दायरे से आजाद होकर नियति का निर्धारण ही उनके सामने विकल्प बन गया है।
कुल मिलाकर यह उपन्यास भी अमिताव के बाकी उपन्यासों द ग्लास पैलेस, द हंग टाइड, द सर्कल ऑफ रीजन और शैडो ऑफ लाइन्स जैसी प्रसिद्ध कृतियों जैसा ही भव्य है। घोष ने कहा, "हां, यह सही है कि आप्रवासन मेरा प्रिय विषय रहा है। मेरी किताबों के पात्र और कलेवर अलग हो सकते हैं, पर उनमें आप्रावासन से जुड़ी संवेदना बरकरार रहती है। मैं भूमंडलीकरण से भी पहले से आव्रजन और जन पलायन जैसे विषयों पर लिखता रहा हूं। आप्रवासन हमारे समय की बड़ी सच्चाई है।"
घोष ने मीडिया से एक बातचीत में कहा कि वह जन पलायन और आव्रजन को ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य में देखते रहे हैं। उनके मुताबिक आव्रजन के कई आर्थिक, सामाजिक कारण हो सकते हैं। यहां तक कि इसे बेहतर ज्ञान हासिल करने की ललक के परिणाम के तौर पर भी देखा जाना चाहिए।


Click it and Unblock the Notifications
