स्कूली पाठ्क्रम से बाहर हुए एम.एफ. हुसैन

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष चमन लाल गुप्ता ने गुरुवार को कहा, "हमने कक्षा 11वीं के छात्रों को पढ़ाई जाने वाली एनसीईआरटी की हिंदी की किताब से एम.एफ. हुसैन पर केंद्रित अध्याय को इस सत्र से बदल देने का फैसला लिया है।"
हुसैन का अध्याय अप्रासंगिक
उन्होंने कहा कि अब पाठ्य पुस्तकों में प्रख्यात कलाकार सोभा सिंह और निकोलस रोइरिच पर आधारित एक अध्याय शामिल किया जाएगा। गुप्ता ने कहा, "कक्षा 11वीं के छात्रों को सोभा सिंह और निकोलस रोइरिच पर आधारित अध्याय पढ़ाया जाएगा क्योंकि ये कलाकार युवा मन को उत्साहित करने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं जबकि हुसैन का अध्याय पूरी तरह से अप्रासंगिक हो गया था।"
उन्होंने कहा कि बोर्ड की बुधवार को हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया था। उन्होंने कहा, "पिछले वर्ष ही अगले सत्र से हुसैन का अध्याय हटाने का निर्णय ले लिया गया था। कल (बुधवार) की बैठक में हमने सोभा सिंह और निकोलस रोइरिच का अध्याय शामिल करने का निर्णय लिया।"
गुप्ता के अनुसार, "एनसीईआरटी द्वारा निर्धारित किताब में परिवर्तन का निर्णय एनसीईआरटी के निर्देशों के अनुसार ही लिया गया है। प्रत्येक राज्य को एनसीईआरटी की पुस्तकों के पाठ्यक्रम में 20 प्रतिशत तक परिवर्तन करने का अधिकार है, इसलिए इसमें कुछ भी गलत नहीं हुआ है।"












Click it and Unblock the Notifications