Janmashtami 2025 : इस बार जन्माष्टमी पर अपने घर को ऐसे सजाएं, इन आसान टिप्स की लें मदद
Janmashtami 2025: श्रीकृष्ण को भगवान विष्णु का 8वां अवतार माना जाता है। उन्होंने द्वापर युग में अधर्म का नाश करने और धर्म की स्थापना हेतु जन्म लिया था।
जन्माष्टमी पर भगवान श्रीकृष्ण का जन्म हुआ था
जन्माष्टमी भाद्रपद माह की कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को मनाई जाती है, जब रोहिणी नक्षत्र होता है। इसी योग में भगवान श्रीकृष्ण का जन्म हुआ था।

मंदिरों और घरों में झांकियां सजाई जाती हैं
भगवान श्रीकृष्ण का जन्मदिन पूरे देश में एक पर्व की तरह मनाया जाता है। लोग इस दिन मंदिरों और अपने घरों में झांकियां भी सजाते हैं। कहीं-कहीं छोटे-छोटे बच्चे कान्हा और राधा का रूप धारण करते हैं तो कहीं-कहीं पर रासलीला भी खेली जाती हैं।
घरों में लड्डू गोपाल को पालने में झुलाया जाता है
श्रीकृष्ण का जन्म मथुरा के कारागार में हुआ था। उनके माता-पिता वासुदेव और देवकी थे। कंस के भय से वासुदेव उन्हें गोकुल छोड़ आए थे। कई जगहों पर मंदिरों और घरों में लड्डू गोपाल को पालने में झुलाने की परंपरा होती है। भक्त सुंदर झूले सजाते हैं और भजन-कीर्तन करते हैं।
आइए जानते हैं कैसे आप अपने घर को इस विशेष दिन के लिए सजाकर इसे और भी खूबसूरत बना सकते हैं...
दही-हांडी सजावट
दही-हांडी जन्माष्टमी की सबसे प्रमुख विशेषता है। आप अपने घर के आंगन या लिविंग रूम में दही-हांडी की सजावट कर सकते हैं। इसके लिए मिट्टी की छोटी-छोटी मटकी का उपयोग करें, जिसे रंग-बिरंगे कपड़ों और फूलों से सजाया जा सकता है। हांडी के चारों ओर रंगीन पट्टियां और रोशनी लगाएं।
रंगोली डिजाइन
जन्माष्टमी पर आप दरवाजे के सामने या पूजा स्थल के आसपास श्रीकृष्ण की छवि या माखन के मटकी की रंगोली बना सकते हैं। आप रंगोली में पीले, नीले, हरे और लाल रंगों का उपयोग कर सकते हैं।
मंदिर की सजावट
यदि आपके घर में मंदिर है, तो इसे विशेष रूप से सजाएं। भगवान श्रीकृष्ण की मूर्ति को नए वस्त्र पहनाएं और उन्हें फूलों की माला पहनाएं। मंदिर के आस-पास दीयों और मोमबत्तियों का प्रयोग करें। आप झूलों की सजावट भी कर सकते हैं, जिस पर श्रीकृष्ण की मूर्ति को बैठाया जा सके।
फूलों की माला और तोरण
फूलों का महत्व जन्माष्टमी में विशेष होता है। आप दरवाजों और खिड़कियों पर फूलों की माला और तोरण लगाकर घर को सजा सकते हैं। गेंदे, गुलाब, और चमेली जैसे खुशबूदार फूलों का प्रयोग करें, जिससे घर में सुगंध फैले और त्योहार का माहौल बने।
झूलों की सजावट
भगवान श्रीकृष्ण को झूलों का बहुत शौक था। जन्माष्टमी पर आप अपने घर में झूले की सजावट कर सकते हैं। इसके लिए रंगीन कपड़ों, रेशमी धागों और मोतियों का उपयोग करें। झूले पर श्रीकृष्ण की मूर्ति को बिठाकर उसे फूलों से सजाएं।
दीपमाला और रोशनी
जन्माष्टमी के अवसर पर घर में दीप जलाना शुभ माना जाता है। आप घर के आंगन, बालकनी और मंदिर में दीपमाला और लाइट्स का उपयोग कर सकते हैं। मोमबत्तियों और दीयों का प्रयोग कर घर को और भी रोशन बनाएं।
वॉल हैंगिंग्स और पोस्टर
भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न मुद्राओं और लीलाओं के चित्रों वाले वॉल हैंगिंग्स और पोस्टर्स को दीवारों पर लगाएं। यह न केवल आपके घर की सजावट को बढ़ाएंगे बल्कि आध्यात्मिक माहौल भी बनाएंगे।
बच्चों की सजावट
अगर घर में छोटे बच्चे हैं, तो उन्हें राधा-कृष्ण के रूप में सजाएं। बच्चों के लिए सुंदर वस्त्र, मोर मुकुट, बांसुरी और माला का इंतजाम करें। इससे घर का माहौल और भी जीवंत हो जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications