Dhanteras 2026: धनतेरस पर कैसे करें कुबेर यंत्र की स्थापना? जानें सही दिशा, पूजा विधि और नियम
Dhanteras 2026: धनतेरस पर भगवान धन्वंतरि और मां लक्ष्मी के साथ कुबेर देव की पूजा का भी खास महत्व माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कुबेर देव धन के रक्षक हैं और घर में सुख-समृद्धि बनाए रखने में मदद करते हैं। आमतौर पर उनकी मूर्ति या तस्वीर स्थापित करने के बजाय कुबेर यंत्र की पूजा करने की परंपरा बताई जाती है।
माना जाता है कि इस यंत्र को घर या दुकान की तिजोरी में रखने से धन की सुरक्षा होती है और आर्थिक स्थिति बेहतर बनी रहती है। अगर आप भी इस धनतेरस पर कुबेर यंत्र स्थापित करना चाहते हैं, तो इसकी सही दिशा, पूजा का तरीका और इसे साफ रखने से जुड़ी बातें जानना जरूरी है।

क्या होता है कुबेर यंत्र?
कुबेर यंत्र खास ज्यामितीय आकृतियों और अंकों से बना एक धार्मिक प्रतीक होता है। मान्यता है कि इसे तिजोरी या धन रखने वाली जगह पर स्थापित करने से धन की रक्षा होती है। इससे घर और दुकान को बुरी नजर से बचाने और आर्थिक तरक्की के रास्ते खोलने की भी मान्यता जुड़ी है। कहा जाता है कि इसकी सकारात्मक ऊर्जा व्यक्ति को कामकाज और आर्थिक फैसलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।
ये भी पढ़ें: ट्रेन में नहीं मिला टिकट? ना हों परेशान, दिवाली-छठ के लिए BSRTC ने शुरू की 200 स्पेशल बसें, देखें किराया
घर या दुकान में किस दिशा में रखें?
धार्मिक मान्यता के अनुसार, कुबेर यंत्र को घर या दुकान में उत्तर दिशा की ओर स्थापित करना शुभ माना जाता है। इसे बुधवार या किसी शुभ दिन और मुहूर्त में रखा जा सकता है। यंत्र का मुख दक्षिण दिशा की ओर होना चाहिए। पूजा करते समय व्यक्ति का मुख उत्तर दिशा की ओर रहे। यंत्र के पास हरे रंग के वस्त्र और कुछ धन रखना भी शुभ माना जाता है।
कुबेर यंत्र की पूजा कैसे करें?
यंत्र स्थापित करने के बाद रोज इसकी सफाई करें और धूप दिखाएं। इसे धूल-मिट्टी से बचाकर रखें। पूजा के समय श्रद्धा से इस मंत्र का जाप कर सकते हैं।
मंत्र: ॐ श्री कुबेराय नमः
मान्यता है कि नियमित पूजा और मंत्र जाप से घर में धन-समृद्धि बनी रहती है। यंत्र को तिजोरी या उस स्थान पर रखना चाहिए जहां घर का धन और कीमती सामान रखा जाता है।
कुबेर यंत्र से क्या लाभ माने जाते हैं?
धार्मिक विश्वास के अनुसार, कुबेर यंत्र धन की रक्षा, आर्थिक स्थिरता और कारोबार में तरक्की का प्रतीक है। इसे घर या दुकान में रखने से सकारात्मक माहौल बनने और आर्थिक फैसलों में समझदारी आने की मान्यता भी है।
डिस्क्लेमर: इस लेख में बताई गई बातें धार्मिक मान्यताओं और परंपराओं पर आधारित हैं। इनके लाभों का कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है।


Click it and Unblock the Notifications
