Budhashtami Vrat 2024: बुध अष्टमी व्रत आज, जानिए पूजा विधि और महत्व
Budhashtami Vrat 2024: बुध अष्टमी व्रत आज है, अष्टमी तिथि जिस भी महीने के बुधवार को पड़ती है तब बुध अष्टमी व्रत किया जाता है। इस बार वैशाख शुक्ल पक्ष की अष्टमी के दिन बुध अष्टमी का आना अत्यंत विशेष और लाभदायक है।
बुध अष्टमी के दिन भगवान शिव पार्वती के साथ बुध का पूजन किया जाता है। इस व्रत को करने से मनुष्य की जन्म कुंडली में बुध की स्थिति मजबूत होती है और बुध के मजबूत होने से मनुष्य को धन, संपत्ति, सुख, वैभव, परिवार का साथ, अच्छा व्यापार व्यवहार, बौद्धिक चातुर्य प्राप्त होता है।

जिन लोगों की कुंडली में बुध पहले से मजबूत है उन्हें इससे और भी अधिक शुभ फल प्राप्त होते हैं। बुध अष्टमी का व्रत लगातार आठ बार करना चाहिए।
कैसे करें बुध अष्टमी व्रत
बुध अष्टमी के दिन सूर्योदय पूर्व उठकर गंगा जल मिश्रित जल से स्नानादि से निवृत्त होकर दैनिक पूजा संपन्न करें। एक कलश में गंगाजल मिश्रित जल भरकर एक चौकी पर रखें। व्रत का संकल्प लेते हुए गणेशजी, शिवजी, मां पार्वती का आह्वान करें। उसके बाद बुध ग्रह की मूर्ति या चित्र स्थापित करके उसका पूजन करें।
पूजन में विभिन्न रंगों के पुष्पों के अलावा पांच प्रकार के हरे पत्ते होना चाहिए। इनमें आम, अशोक, पीपल, बड़, केले और दूर्वा रखना चाहिए। इसके बाद बुध को मूंग के दाल के पकवानों का भोग केले के पत्ते पर रखकर लगाना चाहिए। इसके बाद बुध के मंत्र ऊं ब्रां ब्रीं ब्रौं स: बुधाय नम: की एक माला जाप करें। इस मंत्र के साथ गणपति अथर्वशीर्ष का पाठ भी करें। दिनभर निराहार रहें। सायंकाल व्रत खोलें। पहला निवाला मूंग के व्यंजनों का होना चाहिए।
बुध अष्टमी व्रत के लाभ
- बुध अष्टमी का व्रत लगातार आठ बार करना चाहिए। इससे इच्छित फल की प्राप्ति हो जाती है।
- बुध अष्टमी व्रत करने से जन्मकुंडली में बुध मजबूत होता है और इससे धन संपत्ति के साथ उत्तम व्यापार प्राप्त होता है।
- बुध अष्टमी व्रत करने से व्यक्ति के अनजाने में किए गए पापों का नाश होता है।
- बुध अष्टमी व्रत करने से मनुष्य की बौद्धिक क्षमता मजबूत होती है और वह सही समय पर सही निर्णय ले पाता है।
- बुध अष्टमी व्रत करने से बुध से जुड़े राजयोग कुंडली में बनने लगते हैं जो हर प्रकार से लाभदायक होते हैं।
- बुध यदि कुंडली में योग कारक है तो मनुष्य को राजा के समान जीवन की प्राप्ति होती है।
- इस दिन बुध की प्रसन्नता के लिए पन्ना भी धारण किया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications