मार्टिन लूथर किंग थे गांधी से प्रभावित

लूथर ने वर्ष 1959 में भारत की यात्रा की थी। उनकी इस यात्रा के स्वर्ण जयंती वर्ष के मौके पर बुधवार को अमेरिकी हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव्स ने एक ऐसा प्रस्ताव पारित किया है जिसमें लूथर पर महात्मा गांधी के प्रभाव का जिक्र किया गया।
इसके विरोध में एक भी मत नहीं पड़ा। प्रस्ताव में कहा गया है कि लूथर ने गांधीवादी दर्शन का गहरा अध्ययन किया था।
प्रस्ताव में कहा गया है, "लूथर पर उनकी भारत यात्रा का गहरा असर पड़ा था। उन्हें सामाजिक बदलाव के लिए अहिंसा का हथियार के तौर पर इस्तेमाल करने की प्रेरणा मिली।
इससे उनके नागरिक अधिकारवादी आंदोलन को खास दिशा मिली।"अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन गुरुवार को एक सांस्कृतिक प्रतिनिधिमंडल को भारत रवाना करने वाली हैं।
इसमें मार्टिन लूथर किंग तृतीय, अमेरिकी सांसद जॉन लेविस, स्पेंसर बैकस और हर्बी हैनकॉक शामिल हैं। इस सांस्कृतिक दल को लूथर की भारत यात्रा की स्वर्ण जयंती के उपलक्ष्य में रवाना किया जा रहा है।
यह प्रतिनिधिमंडल सबसे पहले दिल्ली जाएगा और फिर गांधी की विरासत से जुड़े कुछ स्थलों का दौरा करेगा।












Click it and Unblock the Notifications