यूपी को 10 खरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की योगी सरकार की तैयारी
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने मंगलवार को भारत सरकार की संस्था 'इंवेस्ट इंडिया' ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से यूपी को 10 खरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के संबंध में प्रेजेंटेशन दिया। इस अवसर पर सीएम ने कहा कि 'इंवेस्ट इंडिया' के साथ समन्वय बनाते हुए प्रदेश की अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं। इसके लिए अल्प व दीर्घकालिक योजनाएं बनाई जाएं।

उन्होंने कहा कि यूपी पूंजी निवेश के लिए एक आकर्षक प्रदेश बनकर उभरा है। इसका लाभ निवेशकों को आकर्षित करने और पूंजी निवेश लाने में मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इस कार्य में 'इंवेस्ट इंडिया' से मदद मिलेगी। एमएसएमई मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहा कि 'इंवेस्ट इंडिया' ने विभिन्न सेक्टरों के लिए कार्ययोजनाएं बनाई हैं। जीएसडीपी के आधार पर यूपी देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है।
'इंवेस्ट इंडिया' के सीईओ दीपक बागला ने कहा कि यह एक ऐसा संगठन है, जिसका उद्देश्य लाभ अर्जित करना नहीं है। इसमें राज्य सरकारों के साथ सीआईआई, फिक्की और नैसकॉम जैसी संस्थाओं की शेयर होल्डिंग है। 'इंवेस्ट इंडिया' यूपी में 37,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं और 37 सेक्टरों पर कार्य कर रही है। इनसे बड़ी संख्या में रोजगार सृजित होंगे।
रोटरी इंटरनेशनल ने शिक्षा, स्वास्थ्य समेत कई क्षेत्रों में कार्य करने की जताई इच्छा
रोटरी इंटरनेशनल ने प्रदेश में शिक्षा, चिकित्सा व स्वास्थ्य, टेलीमेडिसिन, सिंचाई आदि क्षेत्रों में कार्य करने की इच्छा जताई है। रोटरी इंटरनेशनल के अध्यक्ष शेखर मेहता ने मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास पर भेंट के दौरान ये पेशकश की।
सीएम ने रोटरी इंटरनेशनल की पहल का स्वागत किया। कहा, प्रदेश की चिकित्सा व स्वास्थ्य सुविधाओं तथा शिक्षा सहित अन्य क्षेत्रों में रोटरी इंटरनेशनल की इस पहल से मदद मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि पूर्व की भांति इस संस्था के सामाजिक व रचनात्मक कार्यों से प्रदेश को भविष्य में भी लाभ मिलता रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications