कोरोना को देखते हुए उत्तराखंड सरकार का बड़ा फैसला, शुरू की डॉक्टरों की भर्ती प्रक्रिया
देहरादून, 19 मई: कोरोना वायरस संक्रमण देशभर में कहर बरपा रहा है। कोरोना संकट में अस्पतालों और डॉक्टरों की कमी का सामना भी लगातार करना पड़ा है। इसको देखते हुए उत्तराखंड की भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने डॉक्टरों की भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कोरोना की मौजूदा दूसरी लहर और आने वाले समय में इसकी तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए राज्य सरकार डॉक्टरों की भर्ती करेगी।

कोरोना की दूसरी लहर के बीच ही विशेषज्ञों ने तीसरी लहर आने की भी आशंका जताई है और इसे बच्चों के लिए नुकसानदायक माना जा रहा है। बच्चों के उपचार और उनके मनोविज्ञान को समझने के लिए बाल रोग चिकित्सक भी काफी अहमियत रखते हैं। ऐसे में राज्य सरकार ने इस ओर कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।
तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए अस्पतालों में बाल रोग विशेषज्ञ, महिला रोग विशेषज्ञ और एनेस्थेटिस्ट की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत चिकित्सकों की नियुक्ति की जाएगी। एनएचएम की ओर से इसके लिए विज्ञप्ति जारी कर दी है। बता दें कि राज्य में विशेषज्ञ चिकित्सकों की भारी कमी है। इनमें बाल रोग, महिला रोग विशेषज्ञ और एनेस्थेटिस्ट भी शामिल हैं।
इसके साथ ही ब्लैक फंगस के बढ़ते मामलों को देखते हुए नेत्र रोग विशेषज्ञों की भी संख्या बढ़ाने की जरूरत महसूस की जा रही है। इसे देखते हुए सरकार ने अब एनएचएम के तहत चिकित्सक तैनात करने का निर्णय लिया गया है। इन सभी श्रेणियों में चिकित्सकों को 90 हजार से डेढ़ लाख तक वेतन ऑफर किया गया है। हालांकि इससे पहले भी राज्य में विशेषज्ञ चिकित्सकों के पदों को भरने की कोशिश हुई है, लेकिन कभी इसमें पूरी सफलता नहीं मिली है।
स्टाफ नर्स भर्ती परीक्षा
प्रदेश में स्टाफ नर्स के लगभग 1200 पदों के लिए भर्ती परीक्षा 28 मई को होगी। शासन ने तकनीकी शिक्षा विभाग को पत्र लिखकर केंद्र सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन का अनुपालन कराते हुए यह परीक्षा कराने के निर्देश दिए हैं। शासन ने प्राविधिक शिक्षा परिषद को स्टाफ नर्स के 1200 पदों पर भर्ती करने के निर्देश दिए थे। इसके लिए सरकार ने भर्ती के लिए पूर्व में रखी गई शर्तों से छूट दी थी।अब सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करने के लिए 28 मई को परीक्षा कराने के निर्देश जारी किए हैं।












Click it and Unblock the Notifications