उत्तराखंड सरकार ने 8वीं तक के छात्र-छात्राओं को यूनिफॉर्म के लिए मिलने वाली राशि को बढ़ाया
देहरादून, जून 9। उत्तराखंड सरकार ने सरकारी स्कूल में आठवीं तक पढ़ने वाले बच्चों को स्कूल यूनिफार्म के लिए मिलने वाली राशि को बढ़ा दिया है। आपको बता दें कि सरकार ने यह राशि 600 रुपये से बढ़ाकर 700 रुपये कर दी है। सरकार के इस कदम से 5.43 लाख छात्र-छात्राओं को फायदा मिलेगा।

वहीं, माध्यमिक विद्यालयों में लैबोरेट्री की दयनीय हालत को सुधारने के लिए 10 लाख की धनराशि मिलेगी। प्रदेश में कक्षा एक से आठवीं तक बच्चों को मुफ्त स्कूल यूनिफार्म दी जाती है। कोरोना काल में यह राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से छात्र-छात्राओं के खाते में पहुंचाने का बंदोबस्त किया गया है। सरकारी स्कूलों में आठवीं तक अध्ययनरत सभी छात्राओं के साथ ही अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के छात्रों को यूनिफार्म मुहैया कराई जाती है।
प्रदेश में सरकारी स्कूलों में आठवीं तक अध्ययनरत छात्राओं की संख्या 3,03,942 है, जबकि अनुसूचित जाति के 94738 छात्र, अनुसूचित जनजाति के 5928 छात्र और गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले 1,47,307 छात्र हैं। इन सभी छात्र-छात्राओं को इस साल स्कूल यूनिफार्म की धनराशि प्रति छात्र 100 रुपये बढ़ाकर दी जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications