उत्तराखंड के नए सीएम पुष्कर सिंह धामी का दावा- कोरोना की तीसरी लहर से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है सरकार
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार कोरोना की तीसरी लहर के लिए सजग है। किसी भी प्रकार का जोखिम नहीं उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्तियों को राहत प्रदान कर रही है। सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मसूरी विधानसभा के ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना राहत सामग्री पहुंचाने के लिए 10 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान 1500 परिवारों के लिए सूखे राशन की किट भी भिजवाई गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने की है।

प्रयास रहेगा कि राज्य के सीमित संसाधनों के दृष्टिगत नागरिकों की आवश्यकता के अनुरूप विकास कार्यों की गति से तालमेल बिठाया जाए। इसके लिए सरकार को सभी के सहयोग की आवश्यकता होगी। उन्होंने कहा कि सभी मिलकर बेहतर उत्तराखंड की नींव रखेंगे। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राज्य में युवा एवं जोशीले मुख्यमंत्री की ऊर्जा संचारित हो रही है। महामारी के इस कठिन समय में सबका दायित्व है कि जरूरतमंदों के सहयोग को आगे आएं। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ता भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने प्रदेश में नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए कारगर प्रयास करने की जरूरत बताई है। उन्होंने पुलिस कांस्टेबल व वाहन चालकों के रिक्त पदों पर भर्ती का प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सोमवार को पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार के नेतृत्व में आइपीएस एसोसिएशन के अधिकारियों ने भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि नशीले पदार्थ युवा पीढ़ी को खराब कर रहे हैं। इस पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इसकी जड़ तक जाने की जरूरत है ताकि इसकी कारगर तरीके से रोकथाम हो सके। उन्होंने कोरोना महामारी के दौर में पुलिस के जवानों व अधिकारियों द्वारा किए गए कार्यों की भी सराहना की। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री डा. धन सिंह रावत व स्वामी यतीश्वरानंद के साथ ही पुलिस के उच्चाधिकारी उपस्थित थे।












Click it and Unblock the Notifications