आप नेता कोठियाल ने युवाओं से किया संवाद, कहा- उत्तराखंड के हर क्षेत्र में होगा विकास
देहरादून, 05 अगस्त: उत्तराखंड के गोपेश्वर पहुंचे आम आदमी पार्टी के नेता कर्नल अजय कोठियाल (सेवानिवृत्त) ने कहा कि उत्तराखंड की जनता के सपनों को आम आदमी पार्टी पूरा करेगी। हर क्षेत्र में विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाएगा। गोपेश्वर स्थित एक लॉज में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में उन्होंने युवाओं के सवालों के जवाब दिए।

आप पार्टी के वरिष्ठ नेता कोठियाल अपने युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं से बात करने गोपेश्वर पहुंचे, जहां युवाओं ने उनका जोरदार स्वागत किया गया। इसके बाद वो समर्थकों के साथ गोपीनाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भोले बाबा के दरबार में पहुंचकर उनका आशीर्वाद लिया। इससे पहले छिनका में पारंपरिक ड्रेस में रैणी गांव से आई महिलाओं ने उनका स्वागत किया।
युवाओं से किया सीधा संवाद
कर्नल कोठियाल ने युवाओं से संवाद करते हुए स्थानीय और राज्य के कई ज्वलंत मुद्दों पर संवाद किया। उन्होंने कहा इतने सारे युवाओं को देख कर आज उत्साह और भी बढ़ गया है। उन्होंने कहा यह बहुत बड़ा इत्तेफाक है कि मेरे कर्नल रहने के दौरान मैं 840 सैनिकों को कमांड करता था और आज 840 युवाओं से ही मुझे संवाद करने का अवसर प्राप्त हुआ।
पार्टी की प्राथमिकता और उत्तराखंड नवनिर्माण की बात करेंगे
कर्नल ने कहा कि इस पावन भूमि से मैं यह संकल्प लेता हूं कि जिस तरह लड़ाई के दौरान आखिरी 200 मीटर के दौरान, सैनिक अपना सर्वोच्च न्यौछावर कर देता है, ठीक उसी तरह इन 840 युवाओं को साथ लेकर हम अंतिम लड़ाई लड़ेंगे। जनता के बीच जाकर अपनी पार्टी की प्राथमिकता और उत्तराखंड नवनिर्माण की बात करेंगे।
मौजूदा सरकार पर बोला हमला
रोजगार के मुद्दे पर बोलते हुए कर्नल कोठियाल ने कहा सरकारों का यह आचरण बन चुका है कि चुनाव के 3 महीने पहले वह कई घोषणाएं करते हैं और उनको पूरा करने के दावे करते हैं, लेकिन मौजूदा सरकार की बात करें तो साढे 4 साल इस सरकार ने कोई काम नहीं किया। अब आखिरी के 6 महीनों में रोजगार देने की बात कर रहे हैं। उन्होंने बीजेपी सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि, जब साढ़े 4 वर्षों में रोजगार नहीं दिया तो अब आखिरी के 6 महीने में रोजगार सरकार कहां से देगी।
उत्तराखंड प्राकृतिक संसाधनों से भरपूर
उन्होंने कहा उत्तराखंड प्राकृतिक संसाधनों से भरपूर है, लेकिन यहां की सरकार प्राकृतिक संसाधनों का सदुपयोग करना नहीं जानती। आखिर कैसे यह सरकार रोजगार सृजित कर पाएगी?
चार धाम यात्रा सुनियोजित करने के लिए नहीं बन पाई नीति
चार धाम यात्रा को रोजगार से जोड़ते हुए उन्होंने कहा चार धाम यात्रा से लाखों लोग जुड़े हुए हैं, लेकिन यह दुर्भाग्य है कि सरकार चार धाम यात्रा सुनियोजित करने के लिए नीति नहीं बन पाई है। उन्होंने कहा रोजगार से लेकर अन्य मूलभूत समस्याएं आम आदमी पार्टी के एजेंडे में हैं और इनको धरातल पर हर हाल में उतारा जाएगा।
गैरसैंण भावनाओं से जुड़ा मसला
गैरसैंण पर पूछे गए सवाल पर कर्नल कोठियाल ने जवाब देते हुए कहा कि गैरसैंण सिर्फ राजधानी से जुड़ा मसला नहीं है बल्कि भावनाओं से जुड़ा मसला है। ग्रीष्मकालीन और शीतकालीन राजधानी बनाकर गैरसैंण के साथ खिलवाड़ नहीं किया जा सकता। आप, गैरसैंण को लेकर एक मसौदा तैयार कर रही है, जिसमें 30 किलोमीटर का दायरा लिया जाएगा और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कौन-कौन से विभाग एक राजधानी में होनी चाहिए। उन्हीं विभागों को मुख्यालय के तौर पर यहां रखा जाएगा जहां से लोगों का रोज काम पड़ता है।
पहाड़ों में रिवर्स पलायन को बढ़ावा दिया जाए
चीन से लगी सीमाओं पर बोलते हुए कर्नल कोठियाल ने कहा कि इसके लिए जरूरी है पहाड़ों में रिवर्स पलायन को बढ़ावा दिया जाए ताकि बाहर से आए लोग यहां पर बस सकें और अपने ही क्षेत्र में रोजगार कर सकें। उन्होंने कहा मैं सभी लोगों को विश्वास दिलाता हूं कि भ्रष्टाचार की जड़ को प्रदेश से उखाड़ फेंक दिया जाएगा। वहीं घाट जैसे बड़े आंदोलन पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि यह बहुत बड़ा दुर्भाग्य है कि नंदप्रयाग और घाट की जो सड़क है, उसका चौड़ीकरण होना चाहिए। इस सड़क को बनाने के दौरान अपनी मांगे मनवाने के लिए जब लोग गैरसैंण जा रहे थे, तो उन पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया जो वाकई में दुर्भाग्यपूर्ण है।
दिल्ली जैसी स्वास्थ्य सुविधाएं देंगे यहां
बिगड़े स्वास्थ हालत पर बोलते हुए कर्नल कोठियाल ने संवाद करते हुए बताया कि पहाड़ों में स्वास्थ्य को लेकर बहुत समस्याएं हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने यहां कई तरह की स्कीम लागू की हैं, लेकिन वह स्कीमें कभी धरातल पर सफल नहीं हो पाती जिस वजह से लोगों को लाभ नहीं मिलता। जो कार्य दिल्ली में आम आदमी पार्टी ने स्वास्थ्य को लेकर किए हैं। वही कार्य उत्तराखंड में भी आम आदमी पार्टी जरूर करेगी, जिस तरह 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने के लिए हमने कैंपेन चलाया है, उसी तर्ज पर हम अच्छे स्वास्थ्य को लेकर प्रदेश में कैंपेन चलाएंगे।
उन्होंने खेल को लेकर कहा कि हमारी सरकार आते ही यहां पर स्पोर्ट्स को लेकर गंभीरता दिखाई जाएगी ताकि यहां के युवाओं को खेल में प्रतिभा दिखाने का मौका मिल सके, जिस तर्ज पर केदारनाथ का पुनर्निर्माण किया उसी तर्ज पर प्रदेश का भी नवनिर्माण सभी युवाओं को साथ लेकर करेंगे।
इस मौके पर कई लोगों ने कर्नल कोठियाल और आप प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद कपरवान के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी का दामन थामा, जिसमें सदस्यता लेने वालों में नाग्रेन्द्र रावत, कविन्द्र रावत, दीपू कठैत, कैलाश भट्ट, विपिन, लालू,राजेन्द्र,पंकू, प्रमोद, जय, सोहन, रोहित समते कई युवाओं ने आप पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।












Click it and Unblock the Notifications