2 साल में UP के हर घर में पहुंचेगा शुद्ध पीने का पानी, जानिए क्या है केंद्र सरकार की योजना?
गोरखपुर, 06 जुलाई: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने तरकुलानी रेगुलेटर के लोकार्पण के मौके पर सीएम योगी आदित्यनाथ की जमकर तारीफ की। शेखावत ने कहा कि पीएम मोदी के विजन व सीएम योगी की देखरेख में यूपी के बांदा, चित्रकूट, महोबा आदि क्षेत्रों में हर घर नल से जल पहुंचाने का कार्य तीव्र गति से हो रहा है। 2 साल में उत्तर प्रदेश के हर घर में शुद्ध पेयजल मिलने लगेगा। उन्होंने कहा कि उनके मंत्रालय की तरफ से सर्वाधिक 10,400 करोड़ रुपये का बजट यूपी को दिया गया है और जरूरत होगी तो उसे भी दिया जाएगा।

केंद्रीय जलशक्ति मंत्री ने बताया कि यूपी में सरयू, बाणगंगा, मध्यगंगा परियोजना तीन-चार माह में पूरी हो जाएंगी। इन परियोजनाओं से इस प्रदेश में 22 लाख हेक्टेयर नई सिंचित भूमि उपलब्ध होगी. साथ ही कहा कि बाढ़ राहत के कार्यों में स्थायित्व देकर उत्तर प्रदेश ने पूरे देश मे मिसाल कायम किया है। यह अन्य राज्यों के लिए प्रेरणास्रोत है। तरकुलानी रेगुलेटर पर बने पंपिंग स्टेशन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि योगी जी ने इसके जरिये एक नई तकनीक दी है। इस अनूठी परियोजना को देख उनका भरोसा जगा है कि इसे अपनाकर अन्य प्रदेश भी बाढ़ के पानी से खुद को प्रभावित होने से बचा सकते हैं।
कार्यक्रम में यूपी के कैबिनेट मंत्री महेन्द्र सिंह ने कहा कि पहले बाढ़ से बचाव के कार्यों के लिए पैसा अप्रैल, मई में जारी होता था और काम जून में शुरू होता था। तब तक बाढ़ आ जाती थी और पैसा भी उसी में बह जाता था। अब योगी जी जनवरी में ही पैसा दे देते हैं और बाढ़ आने से काफी पहले काम पूरा हो जाता है। कार्यक्रम के दौरान कुछ हल्के-फुल्के क्षण भी आये, जब गजेन्द्र शेखावत ने कहा कि जब मैं हेलीकाप्टर से आ रहा था, तब इस क्षेत्र में पानी ही पानी दिख रहा था। तब योगी जी ने कहा कि आपके यहां पानी कम है और यहां पर पानी ही पानी है। इसलिए यहां से आप पानी ले जा सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications