उत्तराखंड में उद्योग जगत के कर्मचारियों को 2500 रुपए में लगेगा स्पूतनिक वी का टीका, दी जाएंगी दो डोज
देहरादून, मई 31। उत्तराखंड सरकार ने उद्योग जगत को कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए उन्हें स्पूतनिक वी का टीका लगवाने का फैसला किया है। जानकारी के मुताबिक, राज्य सरकार 2500 रुपये में स्पूतनिक वी वैक्सीन की दो डोज लगाएगी। सरकार ने उद्योगों को पैसे देकर कार्यरत कर्मचारियों को स्पूतनिक वी वैक्सीन लगाने का विकल्प दिया है, जिससे उद्योगों में संक्रमण फैलने से रोका जा सके।

राज्य औद्योगिक अवस्थापना विकास निगम (सिडकुल) ने इस संबंध में औद्योगिक संगठनों को पत्र जारी किया है। वहीं, औद्योगिक संगठनों का कहना है कि उद्योगों को चालू रखने के लिए कर्मचारियों के वैक्सीनेशन की जरूरत है। सरकार ने उद्योगों की सुविधा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था दी है।
प्रदेश सरकार की ओर से उद्योगों में काम करने वाले कर्मचारियों को भुगतान के आधार पर टीकाकरण का प्रयास किया जा रहा है। जिसमें प्रति व्यक्ति स्पूतनिक वी के दो टीके लगाने के लिए 2500 रुपये का भुगतान करना होगा।
सिडकुल के प्रबंध निदेशक सविन बंसल की ओर से जारी पत्र में औद्योगिक संगठनों को सुझाव दिया गया कि जो उद्योग इस वैकल्पिक व्यवस्था के तहत कर्मचारियों के टीकाकरण में रूचि रखते हैं तो वे एक सप्ताह के भीतर कर्मचारियों की सूची दें।












Click it and Unblock the Notifications