उत्तराखंड में मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के इस बार घर बैठे ऑनलाइन होंगे इंटरव्यू, जानिए क्यों लिया गया फैसला
देहरादून, जून 8। उत्तराखंड सरकार की महत्वकांक्षी योजना मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना (एमएसवाई) के लिए इस बार अभ्यर्थी अपने घर से ही ऑनलाइन इंटरव्यू देंगे। साक्षात्कार के दो दिन के भीतर आवेदनों को बैंक भेजा जाएगा। चुनावी साल में वार्षिक लक्ष्य प्राप्ति की राह में आचार संहिता बाधा न बने, इसलिए यह कदम उठाया गया है।

आपको बता दें कि प्रदेश में अगले साल फरवरी में विधानसभा चुनाव होने हैं। नवंबर से आचार संहिता लागू हो सकती है। ऐसे में योजनाओं के वार्षिक लक्ष्य प्राप्ति के लिए केवल छह माह का समय बचेगा। इसे देखते हुए MSY के लिए साक्षात्कार ऑनलाइन होने जा रहे हैं।
जिला उद्योग केंद्र को इस बार 250 उद्यम स्थापित करने का लक्ष्य मिला है। 8 जून को पहले चरण में 100 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार होना है। कोरोना के चलते पिछली बार अभ्यर्थियों को तहसील परिसर में बने वीडियो कॉफ्रेंसिंग हॉल में बुलाया गया था। एमएसवाई के तहत विनिर्माण क्षेत्र में 25 लाख रुपये, सेवा व व्यवसाय क्षेत्र में 10 लाख रुपये तक लोन का प्रावधान है।
जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक विपिन कुमार ने बताया कि प्रत्येक 15 दिन में साक्षात्कार कराए जाएंगे। साक्षात्कार के दो दिन के भीतर जिला स्तरीय टास्क फोर्स कमेटी आवेदनों को संबंधित बैंकों को भेजेगी। समय पर लक्ष्य पूरा करने के लिए यह कवायद की गई है।












Click it and Unblock the Notifications