Moderna, Pfizer ने हमसे डील करने से किया मना, बोले केजरीवाल- करेंगे केंद्र से बात
नई दिल्ली। कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए मात्र एक उपाय है और वो है वैक्सीनेशन। लेकिन देश में हो रही वैक्सीन की कमी के चलते वैक्सीनेशन ड्राइव प्रभावित हो रहा है। दिल्ली में 18 साल से अधिक उम्र वालों के लिए वैक्सीनेशन सोमवार से बंद कर दिया गया है। इस संबंध में मीडिया से बातचीत में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि हमने कोरोना के टीकों की आपूर्ति की कड़ी में फाइजर और मॉडर्ना से बातचीत की है, लेकिन दोनों ही कंपनियों ने दिल्ली सरकार को सीधे टीके देने से साफ मना कर दिया है। उन्होंने कहा है कि वे सिर्फ भारत सरकार के साथ ही डील करेंगे। इसी के साथ पत्रकारों से बातचीत में अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार से अपील की है कि वह टीके आयात करे और फिर राज्यों को वितरित करे।

दिल्ली में सत्तासीन आम आदमी पार्टी सरकार की आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, देश की राजधानी दिल्ली में शनिववार तक 50 लाख लोगों को वैक्सीन की कम से कम एक डोज लग चुकी है, जिसमें 39 लाख से अधिक लोग ऐसे हैं जिन्हें पहली डोज लगी है, जबकि 12 लाख से अधिक लोगों को वैक्सीन की दोनों डोज लग चुकी है। वहीं, दिल्ली में हालात काबू में आने और लगातार कोरोना वायरस संक्रमण के मरीजों की संख्या घटने से सरकारी व निजी अस्पतालों में बड़ी संख्या में आइसीयू बेड भी खाली हुए हैं।
विभिन्न अस्पतालों के कुल 6945 बेड में से करीब 2300 बेड खाली हुए हैं। लोकनायक और जीटीबी में 450 से ज्यादा आइसीयू बेड फिलहाल खाली है। इसी तरह सर गंगाराम, मैक्स और फोर्टिस जैसे निजी अस्पतालों में भी आइसीयू बेड खाली हुए हैं। ऐसे में अब देश की राजधानी दिल्ली में ऑक्सीजन बेड समेत अन्य बेड बीमार लोगों को आसानी से मिल रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications