मध्य प्रदेश सरकार कर रही राजस्व अर्जन बढ़ाने की कोशिश, सरकारी खर्चों में कटौती करने पर फोकस
भोपाल, 8 जुलाई। कोरोना महामारी के चलते सरकार के खजाने पर बुरा असर पड़ा है. यही वजह है कि सरकार अपने खर्चों में कटौती करने पर फोकस कर रही है. वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा का कहना है कि सरकार की कोशिश है कि राजस्व अर्जन बढ़े और जनता पर बोझ भी ना पड़े. इसके लिए गैर जरूरी खर्चों पर रोक लगाई जाएगी.

वाहन खरीद पर ये बोले वित्त मंत्री
मंत्रियों और अफसरों के लिए वाहन खरीद पर इस साल रोक रहेगी. वित्त मंत्री ने कहा कि जो वाहन वास्तव में खराब हैं, सिर्फ उनकी जगह ही नए वाहनों की खरीद होगी. दरअसल वित्त विभाग ने विधानसभा के आगामी सत्र में लाए जाने वाले पहले अनुपूरक बजट के लिए विभिन्न विभागों से प्रस्ताव मांगे थे. जिसका बुधवार को आखिरी दिन था. इन प्रस्तावों में विभिन्न विभागों के लिए नए वाहनों की मांग की गई है. हालांकि कोरोना के कारण खजाने की हालत को देखते हुए फिलहाल सरकार इसके लिए तैयार नहीं दिख रही है.
राजस्व बढ़ाने पर होगा जोर
वित्त मंत्री ने कहा कि राजस्व संग्रह बढ़ाने के लिए विभिन्न विभाग नए-नए तरीकों पर फोकस करेंगे, जिससे जनता पर भार ना पड़े. देवड़ा ने कहा कि आवश्यक खर्चे भी करने हैं और विकास योजनाओं को भी आगे बढ़ाना है. साथ ही जनकल्याणकारी और कोरोना की तीसरी लहर को देखते हुए हेल्थ सेक्टर में खर्च ज्यादा होने का अनुमान है. यही वजह है कि सरकार गैर जरूरी खर्चों को नियंत्रित करने पर ध्यान दे रही है.












Click it and Unblock the Notifications