कमलनाथ के 'इंडियन कोरोना' वाले बयान पर शिवराज ने सोनिया गांधी को घेरा, बोले- धृतराष्ट्र हैं क्या?
भोपाल। कोरोना वायरस की दूसरी लहर में जहां संक्रमण तेजी से फैल रहा है वहीं राजनीति भी तेज हो रही है। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने इस महामारी को 'इंडियन कोरोना' कहा तो सियासी भूचाल आ गया। अब इसे लेकर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस सुप्रीमो सोनिया गांधी पर हमला बोला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महामारी के दौर में कांग्रेस आग लगाने की कोशिश कर रही है। कोरोना से हुई मौतों पर कांग्रेस उत्सव मना रही है। कमलनाथ के बयान के बाद सोनिया गांधी धृतराष्ट्र बन कर तमाशा क्यों देख रही हैं? इधर, कमलनाथ ने भी पलटवार करते हुए कहा है कि एफआईआर के बाद मैं चुप नहीं बैठूंगा।

शिवराज ने सोनिया गांधी से सवाल किया है कि क्या आपकी सहमति से कमलनाथ ने यह बयान दिया? यदि कमलनाथ के बयान से सहमत हैं तो देश को बताए कि कांग्रेस की सोच क्या है? यदि वे सहमत नहीं हैं तो कमलनाथ के खिलाफ कार्रवाई करें। इससे एक दिन पहले ही शिवराज ने कहा था कि कमलनाथ ने वैश्विक महामारी को इंडियन कोरोना बताकर देश के सम्मान में चोट पहुंचाई है। ऐसा बयान देना राष्ट्रद्रोह करने के समान है। कमलनाथ कोरोना से हाेने वाली मौतों पर राजनीति करने के अवसर खोज रहे हैं। इस मामले में रविवार को भोपाल पुलिस ने BJP के आवेदन पर कमलनाथ के खिलाफ FIR दर्ज की थी।
कमलनाथ ने 21 मई को उज्जैन में बयान दिया था कि विदेशों में भारतीयों के साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा है। विदेशी मीडिया भारत में कोरोना को इंडियन वैरिएंट बता रहे हैं। ब्रिटेन में इंडियन ड्राइवर्स की टैक्सी में कोई नहीं बैठ रहा। इससे पहले कमलनाथ ने आरोप लगाया था कि मध्यप्रदेश सरकार काेरोना से हो रही माैतों के आंकड़े छिपा रही है। प्रदेश में अप्रैल-मई के महीने में 1.02 लाख लोग कोरोना से मरे हैं, जबकि सरकार सिर्फ 7,000 का आंकड़ा बता रही है।












Click it and Unblock the Notifications