कोरोना के कारण तनाव झेल रहे लोगों को हरियाणा में अब मनोवैज्ञानिक देंगे सलाह, इस नंबर पर करें कॉल
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार की फिर एक अच्छी पहल सामने आई है। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार स्वास्थ्य विभाग ने राज्य कोविड हेल्पलाइन नंबर 1075 और 855889311 में प्रावधान कर दिया है। यह हेल्पलाइन कॉल करने वाले पीड़ित व्यक्ति को एक मनोवैज्ञानिक से जोड़ती है, जो उन्हें जरूरत के अनुसार सलाह देगा।

मनोवैज्ञानिकों की ड्यूटी लगाई
हरियाणा जनसंपर्क एवं सूचना विभाग की ओर से बताया गया कि, सरकार ने कोरोना महामारी के कारण तनाव झेल रहे लोगों को मानसिक रूप से संबल देने के लिए मनोवैज्ञानिकों की ड्यूटी लगाई है। पीड़ित व्यक्ति स्वास्थ्य विभाग की हेल्पलाइन के माध्यम से परामर्श ले सकता है। सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए थे कि कोरोना महामारी से पीड़ित होने के कारण जिन लोगों में तनाव की समस्या हो जाती है, उनके तनाव को दूर करना आवश्यक है। ऐसे पीड़ित लोगों को स्वस्थ रखने के लिए परामर्श से संबंधित कोई व्यवस्था की जाए।

एक अधिकारी ने कहा कि, वर्तमान में 12 मनोवैज्ञानिकों की ड्यूटी लगाई गई है जो सप्ताह के सातों दिन सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक अलग-अलग समय-स्लॉट में उपलब्ध रहेंगे। इन मनोवैज्ञानिकों को कल ट्रेनिंग भी दी गई है कि पीड़ित व्यक्तियों से कैसे व्यवहार करना है।













Click it and Unblock the Notifications