हरियाणा के छोटे शहर-कस्बों में भी अब बाईपास बनेंगे, यातायात का दबाव कम करने की कवायद
चंडीगढ़। हरियाणा में राज्य सरकार अब छोटे शहर-कस्बों में भी बाईपास का निर्माण करवाएगी। यातायात दबाव कम करने के लिए यह प्लान जल्द ही धरातल पर क्रियान्वित होगा। इसकी जानकारी उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने सोमवार को विधानसभा सत्र में प्रश्नकाल के दौरान दी। चौटाला ने बताया कि, प्रदेश के पटौदी, टोहाना, कोसली, पुन्हाना, पिनगवा, छुछकवास, बहादुरगढ़, गोहाना, उचाना, नारनौंद व चीका आदि वे शहर-कस्बे हैं, जहां बाईपास बनने हैं।

उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि, उपरोक्त कस्बों में बाईपास के लिए ई-भूमि पर जमीन लेने, डीपीआर आदि की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने बताया कि, सभी औपचारिकताएं पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। चौटाला बोले कि, बाईपास के निर्माण होने से जहां ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर होगी तो वहीं क्षेत्र तेजी से विकास की ओर भी अग्रसर होंगे। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि, हमारी सरकार छोटे कस्बों में यातायात दबाव कम करने के लिए अब बाईपास का निर्माण करवाने जा रही है। जिन शहर-कस्बों में यातायात का अधिक दबाव रहता है, उनमें ये बाईपास बनाने का फैसला लिया गया है।
वहीं, झज्जर से कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल के एक सवाल के जवाब में उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि, जिन लोगों ने जमीन के लिए अपनी सहमति दी है, उनकी जमीन एक महीने में खरीद लेंगे और विधायक गीता भुक्कल की अध्यक्षता में एक समिति भी बना दी जाएगी। उन्होंने विधायकों से आग्रह किया कि वे लोगों को जमीन देने के लिए प्रोत्साहित करें ताकि बाईपास निर्माण शुरू किया जा सके। बता दिया जाए कि, झज्जर से कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने कहा था कि छुछकवास बाईपास के लिए भूमि देने को 80 फीसदी लोग 6 साल पहले अपनी मंजूरी दे चुके हैं। सरकार इसमें कोई प्रयास नहीं कर रही।' दुष्यंत ने इसी पर जवाब दिया था।












Click it and Unblock the Notifications