पिंजौर एविएशन साइट पर जल्द हेलीकॉप्टर टैक्सी सर्विस शुरू करेगी हरियाणा सरकार
पिंजौर एविएशन साइट पर हरियाणा की मनोहर लाल खट्टर सरकार जल्द ही हेलीकॉप्टर टैक्सी सर्विस शुरू कर सकती है...
चंडीगढ़, 19 मई: पिंजौर एविएशन साइट पर हरियाणा की मनोहर लाल खट्टर सरकार जल्द ही हेलीकॉप्टर टैक्सी सर्विस शुरू कर सकती है। इस प्रोजेक्ट को लेकर पहले ही सीएम मनोहर लाल खट्टर की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय बैठक में विचार विमर्श किया जा चुका है। इसके बाद एविएशन साइट की एंट्री और फसाड को सुधारने का काम शुरू कर दिया गया है ताकि यह एयरपोर्ट की तरह दिखे। यहां जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए कुछ एडिशनल कमरे भी बनाए जाने हैं।

पिंजौर के सिविल एयरोड्रम में रनवे छोटा होने के कारण यहां टू सीटर, फोर सीटर, सिक्स सीटर प्लेन और हेलीकॉप्टर ही उतर सकते हैं। ऐसे में यहां से हेलीकॉप्टर टैक्सी सर्विस शुरू करने की योजना पर काम हो रहा है। यहां से आरसीएस-उड़ान स्कीम के तहत शिमला, कुल्लू मनाली, हिंडोन, देहरादून, हिसार, धर्मशाला और लुधियाना शहरों के लिए हेलीकॉप्टर टैक्सी सर्विस शुरू करने की योजना है। अभी चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट से हिसार के लिए हैलीकॉप्टर टैक्सी सर्विस चल रही है।
पिंजौर का इंस्टीट्यूट 102 एकड़ एरिया में बना है। इसमें 300 फुट लंबा और 120 फुट चौड़ा रनवे हैं। इसमें रनवे लाइट्स लगी है जिससे यहां नाइट लैंडिंग की सुविधा पहले से हैं। सिविल एविएशन डिपार्टमेंट ने यहां नेविगेशन एेड लगाने की परमिशन मांगी है। इसके बाद डीजीसीए से अप्रूवल लेनी होगी। चंडीगढ़ से चार सीटर हैलीकॉप्टर हिसार के लिए चल रहा है। इसका किराया 1750 रुपए प्रति व्यक्ति है। टैक्सी से 50 मिनट में पहुंच जाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications