खुफिया एजेंसियों की चेतावनी के बावजूद गांव वालों के बीच आ पहुंचे हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला
फरीदाबाद। हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला फरीदाबाद के पृथला क्षेत्र में ग्रामीणों के बीच होली मिलन समारोह में पहुंचे। इस समारोह में शिरकत करके उन्होंने यह संदेश दे दिया कि भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार के नेता मजबूती से राज्य के हर हिस्से में जाएंगे। बता दिया जाए कि, खुफिया एजेंसियों की ओर से उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला को चेताया गया था कि, वे ऐसे खुले में लोगों के बीच न जाएं। मगर, वह सुझावों को दरकिनार कर ग्रामीणों के बीच पहुंच गए तो अधिकारी भौचक्के रह गए।

उपमुख्यमंत्री के करीबियों के मुताबिक, फरीदाबाद के ब्राह्मण बाहुल्य गांव नरियाला में होली मिलन समारोह का आयोजन जजपा की फरीदाबाद जिला इकाई के प्रधान अरविंद भारद्वाज ने किया। नरियाला व आसपास के गांवों में इस कार्यक्रम को लेकर काफी उत्साह था। ऐसा कहा जा रहा था कि, प्रदर्शनकारियों के विरोध के चलते दुष्यंत चौटाला यहां नहीं आएंगे। मगर, दुष्यंत चौटाला तय समय पर होली मिलन कार्यक्रम में पहुंचे। इतना ही नहीं, उन्होंने इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए जजपा जिलाध्यक्ष अरविंद भारद्वाज के सार्थक प्रयास की सराहना भी की।
उधर, जिला प्रशासन ने दुष्यंत का विरोध जताने वाले किसान नेताओं समेत कई कांग्रेस नेताओं को कार्यक्रम से पहले ही हिरासत में ले लिया था। पता चला है कि, हिरासत में लिए गए नेताओं ने पिछले दिनों जाट-बाहुल्य गांव मोहना में एक पंचायत की थी। जहां कहा गया था कि, दुष्यंत को पृथला हल्के में आने से रोका जाएगा और यदि वो फिर भी पहुंचे तो काले झंडे दिखाए जाएंगे। हालांकि, इस डर के बावजूद दुष्यंत चौटाला ने अपना कार्यक्रम को रद्द नहीं किया।
अपनी सरकार की तारीफ की
उपमुख्यमंत्री दुष्यंत ने अपने दौरे के दरम्यान कहा कि, हमारी भाजपा-जजपा सरकार ने किसान हित में अनेक फैसले लिए हैं। उन्होंने कहा कि, एक अप्रैल से जब गेहूं की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर होगी और 24 घंटे के अंदर किसानों के बैंक खातों में फसल की राशि आएगी तो किसानों को समझ में आएगा कि कांग्रेस उन्हें किस तरह गुमराह कर रही थी। किसानों की चेतावनी के बाद दुष्यंत चौटाला का ग्रामीण क्षेत्र में यह पहला बड़ा और सफल कार्यक्रम रहा।












Click it and Unblock the Notifications