किसानों के लिए हरियाणा सरकार का बड़ा फैसला, पानी टैंक निर्माण के लिए मिलगी 85% सब्सिडी
हरियाणा के कृषि मंत्री जेपी दलाल ने कहा है कि दक्षिण हरियाणा के लिए हर खेत पानी योजना बनाई गई है।
चंडीगढ़, 10 जून: हरियाणा के कृषि मंत्री जेपी दलाल ने कहा है कि दक्षिण हरियाणा के लिए हर खेत पानी योजना बनाई गई है। इसके तहत अगर कोई किसान लगभग दो कनाल भूमि में पानी टैंक का निर्माण करवाता है तो उसे 70 से 85 फीसदी तक सब्सिडी मिलेगी. यह योजना जारी है। किसान इसके लिए माइक्रो इरीगेशन एवं कमांड एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी हरियाणा पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकता है। इसमें किसान अकेला भी हो सकता है तथा सामूहिक तौर पर भी अपना टैंक बनवा सकते हैं।

दलाल ने बताया कि अब सरकार इन टैंकों पर सोलर पैनल भी लगवा रही है। जिस पर किसानों को 85 फीसदी तक अनुदान दिया जा रहा है। हर खेत पानी योजना के तहत ही सरकार किसानों को फव्वारा व ड्रिप सिंचाई पर भी 85 फीसदी सब्सिडी दे रही है।
कृषि मंत्री ने कहा कि कई वर्षों से किसान लगातार गेहूं व चावल की खेती कर रहा है। इससे खेती की उर्वरा शक्ति कम होती है तथा उनकी आमदनी भी नहीं बढ़ती। ऐसे में किसानों की आय बढ़ाने तथा पानी की बचत के लिए सरकार ने फसल विविधिकरण जैसी योजना शुरू की है। ताकि किसान परंपरागत खेती की बजाय लाभदायक खेती की तरफ बढ़ें।
हरियाणा में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव संजीव कौशल ने बताया कि किसान अपनी जमीन की फर्द को jamabandi.nic.in पर जाकर भी ऑनलाइन प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सफल प्रगतिशील किसानों की सफलता की कहानी पर डॉक्यूमेंट्री तैयार की जाएगी. उन पर एक बुकलेट भी प्रकाशित करवाई जाएगी।
कौशल ने प्रगतिशील किसानों को अंबाला, कुरुक्षेत्र व अन्य जिलों में तैयार करवाए गए पैकिंग सेंटर का दौरा करवाने के निर्देश दिए। इस दौरान किसानों ने मांग रखी कि कुछ गांवों में वीटा के खरीद केंद्र स्थापित करवाए जाएं। इस पर अतिरिक्त मुख्य सचिव ने बहादुरपुर, कुराली, श्यामपुर, चांदपुर सहित कई अन्य गांवों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए। बताया कि बल्लभगढ़ स्थित वीटा मिल्क प्लांट की भी 3 गुना क्षमता बढ़ाई जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications