सरकार की घोषणा— 1600 करोड़ से स्मार्ट होगी गुड़गांव की बिजली व्यवस्था, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भी अपग्रेड
गुड़गांव। हरियाणा की साइबर सिटी कहे जाने वाले गुड़गांव के लिए सरकार ने बड़ी घोषणा की। अब यहां की बिजली व्यवस्था 1600 करोड़ से स्मार्ट होगी। साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भी अपग्रेड होंगे। यह जानकारी जनसंपर्क एवं सूचना विभाग ने दी। बताया गया कि, गुड़गांव की बिजली वितरण प्रणाली को भी स्मार्ट बनाया जा रहा है। गुड़गांव में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत बिजली वितरण प्रणाली में भूमिगत तार बिछाने व आधुनिकीकरण के लिए 1600 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसमें से 1222 करोड़ रुपये के कार्य चार कंपनियों को आवंटित किए जा चुके हैं।

जनसंपर्क एवं सूचना विभाग की ओर से बताया गया कि, राज्य के बिजली मंत्री रणजीत चौटाला ने हिसार से भाजपा विधायक डॉ. कमल गुप्ता के सवाल में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में गुड़गांव स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत इस कार्य को आवंटित किया गया था। 18 महीने में यह परियोजना पूरी होनी थी, जिस पर अभी काम चल रहा है। हिसार में हाईवे के बीच से गुजरने वाली बिजली की तारों को भूमिगत करने के लिए गंभीरता से विचार किया जा रहा है। डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि सरकार ने बजट में अपने खर्च पर हिसार व पंचकूला को स्मार्ट सिटी बनाने की घोषणा की है। इसलिए जल्दी हिसार को स्मार्ट बनाने का कार्य शुरू किया जाए। जगह-जगह बिजली के तार हाईवे से गुजर रहे हैं। इससे जानमाल को खतरा बना हुआ है, साथ ही अनेक स्थानों पर लटकते तार शहर की सुंदरता को भी ग्रहण लगाती हैं। बिजली मंत्री रणजीत चौटाला ने कहा कि विभाग के अधिकारियों को तारों को भूमिगत करने के लिए सर्वे करने के निर्देश दिए जाएंगे।
स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि उपमंडल स्तर पर चल रहे 30 व 50 बिस्तरों के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) को अपग्रेड किया जाएगा। वह बुधवार को विधानसभा सत्र के दौरान प्रश्न का उत्तर दे रहे थे। विज ने कहा कि राज्य में उपमंडल स्तर पर जहां पर भी 30 बिस्तरों का स्वास्थ्य केंद्र है उसे 50 बिस्तर व 50 बिस्तरों वाले स्वास्थ्य केंद्र को 100 बिस्तरों का किया जाएगा। इनमें घरौंडा उपमंडल का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भी शामिल है।












Click it and Unblock the Notifications