कोरोना की तीसरी लहर से पहले दिल्ली में युद्ध स्तर पर तैयारियां जारी, इन अस्पतालों में बनेंगे चाइल्ड केयर भवन
नई दिल्ली, जून 8। कोरोना महामारी की दूसरी लहर के दौरान दिल्ली में जो हालात पैदा हुए थे, उनसे सबक लेते हुए दिल्ली सरकार अब संभावित तीसरी लहर को लेकर पहले से ही तैयारियों में जुट गई है। जैसा कि विशेषज्ञों ने पहले ही ये संभावना जताई है कि तीसरी लहर में बच्चे वायरस की चपेट में आ सकते हैं, इसलिए दिल्ली सरकार अस्पतालों में चाइल्ड केयर सेंटर बना रही है। सरकार की ओर से जहां मौजूदा अस्पतालों में चिकित्सा संसाधनों को बढ़ाने का काम किया जा रहा है। वहीं नए अस्पतालों का निर्माण जल्द से जल्द कराने और मौजूदा अस्पतालों को रिमॉडलिंग के तहत तैयार कराने का काम भी किया जा रहा है।

दिल्ली सरकार के अरुणा आसफ अली अस्पताल को जहां बेहतर चिकित्सा सेवाओं से लैस करने के लिए रीमॉडलिंग के तहत तैयार करवाने का काम किया जा रहा है। वहीं, कोविड-19 मरीजों का बड़े स्तर पर इलाज करने वाले लोक नायक जयप्रकाश अस्पताल में एक नया जच्चा-बच्चा देखभाल बिल्डिंग का भी अलग से निर्माण किया जा रहा है।
इसी तरह, रोहिणी स्थित बाबा साहेब डॉक्टर अंबेडकर अस्पताल में मदर एंड चाइल्ड केयर को समर्पित 463 बेड क्षमता का एक नया ब्लॉक भी बनाया जा रहा है। इससे दिल्ली के बुनियादी स्वास्थ्य ढांचे को और मजबूती मिलेगी। इससे इस अस्पताल की मौजूदा बेड क्षमता 500 से बढ़कर 963 हो जाएगी।
इसके अलावा संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल और रोहिणी स्थित डॉक्टर अंबेडकर अस्पताल में भी नई बिल्डिंग का निर्माण किया जा रहा है। संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल में नई बिल्डिंग बनने के बाद बेड क्षमता 300 से बढ़कर 662 हो जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications