दिल्ली सरकार ने तैयार किया सिंगल यूज प्लास्टिक को खत्म वाले प्लान का ड्राफ्ट
नई दिल्ली, अगस्त 19: देश की राजधानी दिल्ली में सिंगल यूज प्लास्टिक को खत्म करने के प्रयासों की दिशा में एक कदम आगे बढ़ाते हुए इसके लिए कार्ययोजना का ड्राफ्ट तैयार कर लिया गया है। अब ऐसी उम्मीद की जानी चाहिए कि यह कार्ययोजना भविष्य में कारगर साबित होगी और दिल्ली को सिंगल यूज प्लास्टिक और इसके दुष्प्रभावों से निजात मिल सकेगी। दिल्ली सरकार द्वारा बनाई गई कार्ययोजना के ड्राफ्ट में कहा गया है कि शहरी स्थानीय निकाय 31 अक्टूबर तक ऐसे प्लास्टिक कचरे के ढेर की पहचान करेंगे और उनके संग्रह व प्रबंधन का तरीका विकसित करेंगे।

यही नहीं, शहरी निकायों के साथ ही जल बोर्ड और बाढ़ नियंत्रण विभाग भी जल निकायों या नालों में जमा प्लास्टिक कचरे के वहां तक पहुंचने के रास्तों की पहचान करेंगे और अक्टूबर माह के अंत तक इसे रोकने के उपायों को लेकर रणनीति बनाएंगे। सिंगल यूज प्लास्टिक कचरा न सिर्फ प्रदूषण की बड़ी वजह है, बल्कि नालों में इसके जमा हो जाने के चलते यह राजधानी में जलभराव के लिए भी काफी हद तक जिम्मेदार है।
अब तक इसके निस्तारण या प्रबंधन की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है, लेकिन अब कार्ययोजना बनाई गई है तो ऐसी अपेक्षा की जानी चाहिए कि इसपर पूरी गंभीरता के साथ काम होगा और यह अपने उद्देश्य में सफल हो सकेगी। दिल्ली में किसी भी काम में सबसे बड़ी समस्या बहुनिकाय व्यवस्था है। ऐसे में एक नोडल संस्था बनाकर उसके तहत इस कार्य को अंजाम दिया जाना बेहद जरूरी है। इससे काम अपेक्षाकृत आसान हो जाएगा और इसकी सफलता की संभावना बढ़ जाएगी।
प्लास्टिक कचरे के प्रबंधन के साथ ही प्रदूषण के लिए जिम्मेदार प्लास्टिक के उत्पादन, बिक्री और इस्तेमाल पर रोक के नियमों को पूरी सख्ती के साथ लागू किया जाना चाहिए। यदि इसमें पूर्व की भांति लचर रुख अख्तियार किया गया तो समस्या बनी रहेगी और सारी कार्ययोजनाएं विफल साबित होंगी।












Click it and Unblock the Notifications