दिल्ली सरकार 100 सरकारी स्कूलों को बनाने जा रही है एकदम हाईफाई स्कूल, स्कूलों में होंगी ये सुविधाएं
नई दिल्ली, अगस्त 23। दिल्ली सरकार सभी नए स्कूलों को अपने मॉडल स्कूलों की तर्ज पर अत्याधुनिक बुनियादी ढांचे वाले स्कूल बनाने की योजना बना रही है। दिल्ली में सरकारी स्कूलों की संख्या लगभग एक हजार है। सरकार की योजना 100 स्कूलों को मॉडल स्कूलों में बदलने की है। इन एक हजार स्कूलों में से 54 को माडल स्कूल बनाया जा चुका है, जहां निजी स्कूलों के समान सुविधाएं हैं।

इन स्कूलों का निर्माण वहां पर पहले से मौजूद स्कूलों के स्थान पर ही किया गया है। सरकार ने यह भी तय किया है कि इसी तरह के पैटर्न पर उसके नए स्कूल भी बनाए जाएंगे। इसके मद्देनजर राजधानी दिल्ली में आठ स्मार्ट स्कूलों को खोलने की तैयारी है।
इन स्कूलों के निर्माण के लिए टेंडर जारी हो चुका है। ये स्कूल जहांगीरपुरी, आया नगर, द्वारका सेक्टर, रोहिणी, रघुबीर नगर आदि क्षेत्रों में बनाए जाएंगे। इन स्कूलों में लिफ्ट, लैब-आधारित क्लासरूम, स्मार्ट क्लासरूम कान्फ्रेंस हाल, ग्रीन बिल्डिंग कान्सेप्ट को ध्यान में रखते हुए निर्माण करवाया जाएगा। स्कूलों में पर्याप्त पानी और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट होंगे।
एक अधिकारी ने कहा कि शहर की बढ़ती शैक्षिक आवश्यकताओं के कारण शहर में पर्याप्त शैक्षिक बुनियादी ढांचा प्रदान करने की जनता की हमेशा मांग रहती है और सरकार छात्रों को उनके घरों के पास गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही है। सरकार चाहती है कि पहले से ही बनाए और चालू किए गए पायलट स्कूलों के पैटर्न के आधार पर अत्याधुनिक सुविधाओं वाले स्कूल भवनों का निर्माण किया जाए।
इस योजना का काम दिल्ली सरकार ने दिल्ली पर्यटन और परिवहन विकास निगम लिमिटेड (डीटीटीडीसी) को सौंपा है। निगम नए स्कूल भवनों के लिए व्यापक वास्तुशिल्प डिजाइन और इंजीनियरिंग योजना सेवाओं के लिए सलाहकार वास्तुकारों को सूचीबद्ध करने का प्रयास कर रहा है। इन स्कूलों में दिव्यांग बच्चों के लिए कम से कम एक लिफ्ट भी होगी। इमारतें अग्नि सुरक्षा के अनुरूप होंगी। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि परिसर में प्राकृतिक आपदा जैसे भूकंप आदि के दौरान छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों के इकट्ठा होने के लिए पर्याप्त खुली जगह हो।












Click it and Unblock the Notifications