अब छत्तीसगढ़ माडल को राष्ट्रीय स्तर पर उठाएगी कांग्रेस, प्रवक्ताओं को दिखाया गया विकास
रायपुर। कांग्रेस अब देशभर में छत्तीसगढ़ माडल की ब्रांडिंग करेगी। इसमें छत्तीसगढ़ी संस्कृति और राज्य सरकार के विकास के नए माडल की जानकारी दी जाएगी। इसके लिए कांग्रेस की चार राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रीया श्रीनेत, रागिनी नायक, अलका लांबा, राधिका व खेड़ा सोमवार को रायपुर पहुंचीं। कांग्रेस के उच्च पदस्थ सूत्रों की मानें तो राष्ट्रीय चैनल की डिबेट में शामिल होने वाली प्रवक्ताओं को छत्तीसगढ़ में हो रहे काम को दिखाया गया।

करीब से इन योजनाओं और त्योहारों को देखने के बाद वे अपनी डिबेट में इसका जिक्र करेंगी। अलका लांबा ने कहा कि मुख्यमंत्री आवास में यह अपनी तरह का अनोखा कार्यक्रम है। कांग्रेस ही देश की ऐसी पार्टी है, जो महिलाओं को तवज्जो देती है। कांग्रेस ने इंदिरा गांधी को प्रधानमंत्री बनाया। सोनिया गांधी के नेतृत्व में दस साल तक यूपीए की सरकार ने देश की सेवा की।
देश की किसी भी विधानसभा में इतनी बड़ी संख्या में महिला विधायक नहीं होंगी। राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रीया श्रीनेत, रागिनी नायक, अलका लांबा, राधिका खेड़ा मुख्यमंत्री आवास में आयोजित तीजा कार्यक्रम में शामिल हुईं। रागिनी नायक ने कहा कि अब तक चुनावी सभा में आमंत्रित किया जाता था, लेकिन पहली बार महिलाओं के त्योहार में शामिल होने का मौका मिला। ऐसा देश के किसी अन्य राज्य में नहीं होता है। प्रदेश में भूपेश बघेल की सरकार बनने के बाद से ही छत्तीसगढ़ी अस्मिता पर फोकस किया गया है। तीजा के अवसर पर सीएम हाउस छत्तीसगढ़ की बहनों का मायका बन गया था।
सीएम संग राजीव भवन पहुंची महिला प्रवक्ता
कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन पहुंची। वहां कांग्रेस वार स्र्म और मीडिया विभाग के कामकाज को देखा। कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने प्रवक्ताओं को तीज का उपहार भी दिया।
इस दौरान आरपी सिंह, सुशील आनंद शुक्ला, धनंजय सिंह ठाकुर, नितिन भंसाली, विकास तिवारी सहित अन्य मौजूद थे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने संचार विभाग के बाद राजीव भवन का भ्रमण कराया और निर्माण से लेकर पूरे कार्यों की जानकारी भी दी।
इसे बताया छत्तीसगढ़ी माडल
कांग्रेस नरवा, गरवा, घुरवा बाड़ी के साथ गोठान योजना को छत्तीसगढ़ माडल के रूप में प्रचारित कर रही है। स्थानीय त्योहार और संस्कृति को बढ़ावा देने, स्थानीय त्योहार पर अवकाश सहित अन्य मुद्दों को प्रचारित किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ के बूथ मैनेजमेंट की भी तारीफ हो रही है।












Click it and Unblock the Notifications