फिरोजाबाद: बैठक में बोले सीएम योगी- क्या कर रहीं थी CMO, शासन तक क्यों नहीं भेजे हालात?
फीरोजाबाद, 31 अगस्त: मेडिकल कालेज सौ शैय्या अस्पताल के प्राचार्या कक्ष में अधिकारियों के साथ बैठक में माहौल गर्माया रहा। बात सीएमओ से शुरू हुई और मेडिकल कालेज की सुविधाओं पर खत्म हुई। सीएमओ से योगी ने कहा कि अब तक क्या कर रहीं थी? हालात इतने बिगड़ गए और आपने हालात तक नहीं बताए? बैठक में उन्होंने सफाई पर भी तंज कसा। कहा कि यदि सही से सफाई होती तो ये हालात नहीं होते।

लगभग 20 मिनट की बैठक में सबसे पहले सीएमओ डॉ. नीता कुलश्रेष्ठ से जानकारी ली। उन्होंने शिविर लगाकर इलाज की बात कही तो सीएम ने आड़े हाथों ले लिया। कहा कि इतनी मौतें होती रहीं और सरकार को बताया तक नहीं? सीएम के तेवर बदलते देख अधिकारियों के पसीने छूट गए। इसके बाद उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और आशा के माध्यम से सर्वे कराएं। एंबुलेंस बढ़ाए और घर-घर से मरीजों को लाकर भर्ती कराएं। किसी भी चीज की कमी न होने पाएं। संचारी रोगों से बचने के लिए जनजागरूकता अभियान भी चलाया जाए। इसके बाद रास्ते में दिखी गंदगी पर तंज कसा कि रास्ते में कई जगह देखकर लगा कि यहां सफाई नहीं हुई। स्वच्छता अभियान सही से चलाया जाए तो यह हालात नहीं बनेंगे। नगर निगम अपना काम बढ़ाए और जहां-जहां पानी भरा है तत्काल निकलवाए। नगर विकास सचिव से कहा कि तत्काल रिक्त पदों को भरवाएं।
प्राचार्या से ली व्यवस्थाओं की जानकारी, कहा बढ़ाएं व्यवस्था
सीएम ने मेडिकल कालेज प्राचार्या डॉ. संगीता अनेजा से डाक्टरों और ब्लड बैंक की स्थिति पूछी। प्राचार्या ने बताया कि कालेज दो साल पुराना है। व्यवस्थाएं ठीक है। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य सचिव को निर्देश दिए कि यहां के लिए पैरामेडिकल स्टाफ, नर्सिंग स्टाफ और एंबुलेंस बढ़ाई जाएं। इसके बाद प्राचार्या से कहा कि आप जरूरत बताइए, हम सब देंगे। - जनप्रतिनिधि लगवाएं रक्तदान शिविर : सीएम ने नगर विधायक मनीष असीजा से मुखातिब होते हुए कहा कि सभी जनप्रतिनिधि रक्तदान शिविर लगवाएं और जरुरतमंदों को तत्काल खून और प्लेट्लेट्स चढ़ाई जाएं।












Click it and Unblock the Notifications