113 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास करेंगे सीएम योगी आदित्यनाथ
गोरखपुर, 18 अगस्त: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसी महीने 113.82 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। वह बहुप्रतिक्षित सालिड वेस्ट मैनेजमेंट का शिलान्यास भी करेंगे। 31.57 करोड़ से प्रस्तावित प्लांट का निर्माण सहजनवा के गीडा क्षेत्र में प्रस्तावित है।

लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारी में नगर निगम जुट गया है। रक्षाबंधन के बाद कार्यक्रम के आयोजन की संभावना जताई जा रही है। मुख्यमंत्री सालिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का शिलान्यास करेंगे। गीडा क्षेत्र में प्लांट के लिए नगर निगम ने जमीन खरीद ली है। इसके साथ ही शहर में जलापूर्ति कार्य पर 14.14 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके साथ ही राज्य स्मार्ट सिटी में शामिल गोरखपुर शहर में इंटेलिजेंस ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आइटीएमएस) के लिए 50.25 करोड़ रुपये स्वीकृत हो चुके हैं।
इसका भी शिलान्यास मुख्यमंत्री के हाथों होगा। डूडा से 24 सड़कों के शिलान्यास पर 417.45 लाख, महादेवपुरम से रामगढ़ताल नाला का लोकार्पण 814.29 लाख से, आंबेडकर चौक से फिराक चौराहा तक सड़क 44.41, फिराक चौराहे से रुस्तमपुर तक सीसी सड़क 169.39 लाख की लागत से होना प्रस्तावित है। मंदिर परिसर में सड़क चौड़ीकरण व नाली निर्माण 1.44 करोड़ व कैंसर अस्पताल तक सड़क निर्माण पर 25.00 रुपये खर्च होंगे।
इसके साथ ही 15वें वित्त आयोग से शहर के विकास कार्यों के लिए 12 करोड़ 50 लाख रुपये मिले हैं। इससे पहले 15वें वित्त आयोग से 25 करोड़ रुपये मिल चुके हैं। रुपये मिलने के बाद नगर निगम प्रशासन पार्षदों से प्रस्ताव लेने की तैयारी में जुट गया है। जलभराव से शहरियों को निजात दिलाने के लिए इस बार अफसरों का ज्यादा जोर नाली व नाले के निर्माण पर है।
शहर में विकास कार्यों में तेजी लाई जा रही है। सड़क और नाली निर्माण के अधूरे कार्यों को तेजी से पूरा किया जा रहा है। 113 करोड़ रुपये से ज्यादा की परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास प्रस्तावित है। गीडा क्षेत्र में सालिड वेस्ट मैनेजमेंट के प्लांट का शिलान्यास भी होना है। इससे कूड़ा निस्तारण की समस्या का समाधान हो जाएगा।- अविनाश सिंह, नगर आयुक्त












Click it and Unblock the Notifications