छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने कहा- सिलगेर घटना की छह माह के अंदर पूरी होगी जांच
रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि सिलगेर घटना की दंडाधिकारी जांच की जा रही है। इसे छह माह के भीतर अनिवार्य रूप से पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया है कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई नहीं होगी। बघेल रविवार शाम अपने निवास कार्यालय में सुकमा और बीजापुर जिले से आए प्रतिनिधिमंडल से चर्चा कर रहे थे। इस अवसर पर उद्योग मंत्री कवासी लखमा, बीजापुर के विधायक व बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष विक्रम मंडावी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि व ग्रामीणजन उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने चर्चा में कहा कि हाल ही में बीजापुर और सुकमा जिले के विकास के लिए करीब 350 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन-लोकार्पण किया गया है। वनांचल के रहवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्षों से बंद पड़े स्कूलों को पुन: शुरू किया गया है। वनांचल क्षेत्र में शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के लिए अनेक नवाचारी कदम उठाए गए हैं। वहां के लोगों को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के लिए समर्थन मूल्य पर पहले जहां सात लघु वनोपज की खरीदी हो रही थी, उसे बढ़ाकर अब 52 कर दिया गया है। इसके साथ ही लघु वनोपजों के प्रसंस्करण को भी बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि वनवासियों को बेहतर आमदनी हो सके। बता दें कि सुकमा जिले के सिलगेर में कैंप के विरोध में जुटे ग्रामीण्ाों के प्रदर्शन के दौरान हुई गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गई थी।
बनाएंगे राशनकार्ड और देंगे पट्टा
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों के राशनकार्ड नहीं बने हैं, वे बनाए जाएंगे। इसी तरह वनाधिकार पट्टा से वंचित लोगों को परीक्षण कर पट्टा देने की कार्यवाही की जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि क्षेत्र के युवाओं को रोजगार और स्व-रोजगार से जोड़ने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। इसके लिए जिला प्रशासन को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications