18 अगस्त से डिपो पर मनाया जाएगा अन्न उत्सव, 2 लाख 80 हजार लोगों को बांटे जाएंगे राशन के पैकेट
सिरसा। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना कार्यक्रम हरियाणा सरकार का महत्वाकांक्षी कार्यक्रम है। इसी के अंतर्गत 18 व 19 अगस्त को सभी डिपो पर अन्न उत्सव कार्यक्रम होगा। सिरसा में 2.80 लाख लाभार्थियों को खाद्य सामग्री के पैकेट बांटे जाएंगे। जनसंपर्क एवं सूचना विभाग ने बताया कि, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के अंतर्गत सिरसा में 18 व 19 अगस्त को अन्न उत्सव मनाया जाएगा। जिले के 562 डिपो पर अन्न उत्सव कार्यक्रम आयोजित होंगे और 2 लाख 80 हजार राशन सामग्री थैलों का वितरण होगा। अन्न उत्सव कार्यक्रम जिले के सभी डिपो पर आयोजित किए जाएंगे तथा शारीरिक दूरी के नियमों की पालना के साथ थैलों में लाभार्थियों को राशन सामग्री वितरित की जाएगी।

उपायुक्त अनीश यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना कार्यक्रम राज्य शासन का महत्वाकांक्षी कार्यक्रम है, जिसके अंतर्गत 18 व 19 अगस्त को सभी डिपुओं पर अन्न उत्सव कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि अन्न उत्सव के सफल आयोजन के लिए सीईओ जिला परिषद सिरसा को कार्यक्रम के नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा प्रत्येेक राशन डिपू पर भी नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे। अन्न उत्सव के लिए जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक कार्यालय में कंट्रोल रुम (01666-248422) भी बनाया गया है।
गांव धिंगतानिया में होगा जिलास्तरीय कार्यक्रम
जिले में बुधवार को गांव धिंगतानिया स्थित राशन डिपो से जिलास्तरीय कार्यक्रम की शुरुआत होगी। इस कार्यक्रम में जिला उपायुक्त अनीश यादव, एसडीएम जयवीर यादव, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक सुरेंद्र सैनी सहित अन्य गणमान्य मौजूद होंगे। गांव धिंगतानिया में ओम प्रकाश सैनी के डिपो पर कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। सरकार की इस महत्वकांक्षी योजना के तहत पांच व दस किलो के थैलों में गेहूं पैक करके दिया जाएगा। थैलों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री मनोहर लाल तथा उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के चित्र हैं।
परिवार के हर सदस्य को पांच किलो गेहूं
हरियाणा व केंद्र सरकार की ओर से प्रत्येक परिवार के हर सदस्य को पांच-पांच किलो गेहूं दिया जाएगा। प्रधानमंत्री की ओर से दी जाने वाली गेहूं फ्री है जबकि हरियाणा सरकार की ओर से दी जाने वाली गेहूं दो रुपये प्रति किलो के हिसाब से दी जाएगी। गुलाबी कार्ड धारकों को हरियाणा सरकार की तरफ से 35 किलो गेहूं वितरित की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications