उत्तराखंड के 165 अटल उत्कृष्ट स्कूलों को मिली CBSE की मान्यता, 24 अभी हैं वेटिंग लिस्ट में
देहरादून, जून 7। उत्तराखंड के 165 अटल उत्कृष्ट स्कूलों को CBSE की मान्यता दी जा चुकी है, जबकि 24 वेटिंग लिस्ट में हैं। ये 24 स्कूल CBSE के मानकों को पूरा नहीं कर पाए, इसलिए अभी उन्हें ये मान्यता नहीं दी गई है। समग्र शिक्षा अभियान के अपर राज्य परियोजना निदेशक डॉ. मुकुल कुमार सती ने बताया कि इन स्कूलों की मान्यता के लिए राज्य सरकार की ओर से सीबीएसई के चेयरमैन को पत्र लिखकर मान्यता देने में शिथिलता मांगी गई है। प्रदेश सरकार की ओर से हर ब्लॉक के दो सरकारी स्कूलों को अटल उत्कृष्ट स्कूल के रूप में चयनित किया गया है। इन स्कूलों को सीबीएसई की मान्यता दिलाई जा रही है।

शिक्षा विभाग के अधिकारियों के मुताबिक अधिकतर स्कूलों को इसकी मान्यता मिल चुकी है, लेकिन अल्मोड़ा, चमोली, पौड़ी और पिथौरागढ़ में कुछ ऐसे स्कूल हैं। जो सीबीएसई की मान्यता के लिए तय मानकों को पूरा नहीं कर रहे हैं। इन स्कूलों में पर्याप्त कक्षा कक्ष, प्रयोगशाला, भूमि आदि की कमी है। जिसे देखते हुए सरकार की ओर से इन स्कूलों की मान्यता के लिए मानकों में शिथिलता मांगी गई है।
उत्तराखंड के समस्त अटल उत्कृष्ट स्कूलों में अंग्रेजी और हिंदी दोनों माध्यमों से पढ़ाई होगी। शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय का कहना है कि अभिभावकों एवं बच्चों में सरकारी स्कूलों के प्रति विश्वास जगाने और शिक्षा के उच्च स्तर को प्राप्त करने के लिए इन स्कूलों को सीबीएसई से संबद्ध किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications