युवा शक्ति और विकसित राजस्थान: संवाद, विश्वास और अवसरों की नई संस्कृति
किसी भी राष्ट्र का भविष्य उसके युवाओं की आकांक्षाओं, ऊर्जा और प्रतिभा पर निर्भर करता है। यदि युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, निष्पक्ष अवसर, रोजगार, स्वरोजगार, कौशल विकास और अपनी बात रखने का मंच मिले तो वही युवा विकास का सबसे बड़ा वाहक बनता है।
राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा आयोजित 'सपनों की उड़ान' कार्यक्रम इसी सोच का सशक्त उदाहरण है। इसमें सरकार ने युवाओं के साथ प्रत्यक्ष संवाद स्थापित कर यह संदेश दिया कि युवा शासन की प्राथमिकताओं के केंद्र में हैं।

आज लोकतांत्रिक शासन की सबसे बड़ी आवश्यकता केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उन लोगों को नीति निर्माण की प्रक्रिया में सहभागी बनाना है जिनके लिए योजनाएं बनाई जाती हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने युवाओं से नियमित संवाद की जो परंपरा विकसित की है, वह इसी सहभागी शासन का परिचायक है। मुख्यमंत्री स्वयं स्वीकार करते हैं कि नई ऊर्जा और नए विचारों से परिपूर्ण युवाओं के सुझाव सरकार की नीतियों और बजट को अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह दृष्टिकोण प्रशासन और समाज के बीच विश्वास का नया सेतु बनाता है।
'सपनों की उड़ान' कार्यक्रम में मुख्यमंत्री न केवल युवाओं को संबोधित करते हैं, बल्कि उनकी उपलब्धियों, भविष्य की योजनाओं और आकांक्षाओं को अभिभावक की तरह सुनते भी हैं। शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, खेल, स्टार्टअप, 'माय भारत' स्वयंसेवक, एनसीसी, एनएसएस और सामाजिक नेतृत्व जैसे विविध क्षेत्रों से आए युवाओं से उनका सहज संवाद इस बात का प्रमाण है कि वर्तमान सरकार युवाओं को राज्य निर्माण का सक्रिय भागीदार मानती है। "लोगो"डिजाइन प्रतियोगिता का शुभारंभ और युवाओं के साथ आत्मीयता से सेल्फी लेना भी सरकार और नई पीढ़ी के बीच विश्वास बढ़ाने के प्रयास का प्रतीक है।
राज्य सरकार ने रोजगार के क्षेत्र में युवाओं की अपेक्षाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का प्रयास किया है। राज्य सरकार ने प्रदेश में पिछले ढाई वर्षों में एक लाख 78 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नियुक्तियां दी हैं। लगभग 51 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रियाधीन है। साथ ही 80 हजार से अधिक पद भर्ती कैलेंडर में शामिल हैं तथा 70 हजार नए पदों पर भर्ती की तैयारी चल रही है। इसके अतिरिक्त निजी क्षेत्र में भी लगभग 4.5 लाख रोजगार उपलब्ध कराए गए हैं। राज्य सरकार रोजगार के अवसरों को केवल सरकारी नौकरियों तक सीमित न रखकर व्यापक आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास कर रही है।
रोजगार की चर्चा तब तक अधूरी रहती है जब तक भर्ती प्रक्रिया की विश्वसनीयता सुनिश्चित न हो। पिछले वर्षों में पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों युवाओं के विश्वास को गहरी चोट पहुंचाई थी। वर्तमान सरकार ने इस चुनौती को गंभीरता से लेते हुए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया तथा गत सरकार के पेपर लीक और अन्य अनियमितताओं के मामलों में 569 आरोपियों की गिरफ्तारी की। इसके साथ ही अब तक 410 प्रतियोगी परीक्षाओं का पारदर्शी तरीके से सफल एवं बिना पेपर लीक आयोजन से स्पष्ट है कि राज्य में अब सरकारी नौकरियों में प्रतिभा के साथ अन्याय नहीं हो सकेगा। प्रतियोगी परीक्षा में बैठने वाले युवा के लिए निष्पक्षता ही सबसे बड़ा विश्वास होती है और यही विश्वास भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी है।
यह भी उल्लेखनीय है कि आज का युवा केवल नौकरी पाने की सोच तक सीमित नहीं रहना चाहता, बल्कि नवाचार और उद्यमिता के माध्यम से स्वयं रोजगार सृजक भी बनना चाहता है। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए राजस्थान सरकार ने स्टार्टअप और स्वरोजगार को विशेष प्रोत्साहन दिया है। राज्य में अब तक 4,623 स्टार्टअप पंजीकृत हो चुके हैं तथा 1,062 स्टार्टअप्स को आई-स्टार्ट फंड से 34 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई गई है। नौ स्टार्टअप एक्सेलेरेटर कार्यक्रमों में लगभग एक हजार नवाचारकर्ताओं की भागीदारी से स्पष्ट है कि राजस्थान धीरे-धीरे नवाचार आधारित अर्थव्यवस्था की दिशा में भी आगे बढ़ रहा है। साथ ही राज्य कौशल नीति-2025 और युवा नीति जैसी पहलें युवाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण एवं अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
कौशल विकास के साथ-साथ खेलों को भी सरकार ने युवा विकास का महत्वपूर्ण माध्यम माना है। राजस्थान टारगेट ओलम्पिक पोडियम योजना, खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स का आयोजन, 17 नए खेलो इंडिया केंद्रों की स्थापना तथा 41 जिला मुख्यालयों पर आवासीय खेल अकादमियों की शुरुआत की गई है। राज्य सरकार प्रतिभा को खोजने और उसे अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए आधारभूत संरचना विकसित कर रही है। खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना और आत्मविश्वास जैसे गुणों का निर्माण करते हैं।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा अपने संबोधन में युवाओं के चरित्र निर्माण पर विशेष बल देते हैं। माता-पिता को प्रथम गुरु बताते हुए श्री शर्मा युवाओं से अनुशासन, परिश्रम, संस्कार और आत्मविश्वास को जीवन का आधार बनाने पर भी बल देते हैं। आज तकनीकी प्रगति के साथ अनेक सामाजिक चुनौतियां भी सामने हैं। इन स्थितियों में जिम्मेदार और संस्कारवान नागरिक तैयार करना भी आवश्यक है। विकसित भारत और विकसित राजस्थान का सपना तभी साकार होगा जब आर्थिक प्रगति के साथ सामाजिक मूल्यों का भी संरक्षण होगा।
निस्संदेह किसी भी सरकार की सफलता का अंतिम मूल्यांकन परिणामों से होता है। रोजगार, स्वरोजगार, पारदर्शी भर्तियां, कौशल विकास, स्टार्टअप, खेल और युवा सहभागिता जैसे क्षेत्रों में किए गए प्रयासों की निरंतर आवश्यक समीक्षा भी की जा रही है। युवाओं से नियमित संवाद स्थापित करना, उनकी बात सुनना और उन्हें नीति निर्माण का सहभागी बनाना राज्य में लोकतांत्रिक शासन की एक सकारात्मक और आधुनिक कार्यशैली है।
राजस्थान की लगभग दो-तिहाई आबादी युवा आयु वर्ग की है। इस जनशक्ति को सही दिशा, पर्याप्त अवसर और उचित विश्वास सुलभ कराने से यही जनसांख्यिकीय शक्ति राज्य की सबसे बड़ी विकास पूंजी बन सकती है। 'सपनों की उड़ान' जैसे कार्यक्रम इसी विश्वास को मजबूत करते हैं कि सरकार केवल युवाओं के लिए नहीं, बल्कि युवाओं के साथ मिलकर विकसित राजस्थान का भविष्य गढ़ना चाहती है। यही संवाद, यही विश्वास और यही अवसर आने वाले वर्षों में राजस्थान को विकसित भारत की यात्रा का अग्रणी राज्य बनाने की मजबूत आधारशिला सिद्ध हो सकते हैं।


Click it and Unblock the Notifications
